- किशोर खाने पीने को हुआ मोहताज, एक आरोपी गिरफ्तार

LUCKNOW :

मडि़याव में दबंग नशेबाज ने किशोर की बेरहमी से पिटाई करने के बाद उसके मुंह में इसलिए एसिड डाल कर जला दिया कि उसने नशेडि़यों को गांजा लाने से मना कर दिया था। गंभीर रूप से घायल किशोर के पिता ने मोहल्ले के ही नूर व उसके दो साथियों के खिलाफ मडि़यांव थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया है।

दादी के साथ जा रहा था

हुसैनाबाद के मोनीपुरवा में रहने वाले शकील अहमद फर्नीचर बनाने का काम करते हैं। बुधवार सुबह 10 बजे उनका बेटा फैसल (12) दादी के घर जाने के लिए निकला था। रोरामऊ के पास तीन लोगों ने उसे रोका और एक पता बता गांजा लाने को कहा। फैसल ने जब इसके लिए मना किया तो आरोपियों ने उसे पकड़ा और जमकर पीटने के बाद सलीम उर्फ नूर ने उसे तेजाब पिला दिया। गंभीर रूप से घायल फैसल किसी तरह अकेले बलरामपुर अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचा।

मुंह से निकल रहा था खून

उसके मुंह से खून निकल रहा था और वह दबी आवाज व इशारों में डॉक्टरों से जान बचाने की गुहार लगा रहा था। अस्पताल में भर्ती कर उसका उपचार शुरू हुआ। शाम चार बजे चुपके से फैसल अस्पताल ने भागकर घर पहुंचा और मां को इशारे में पूरी बात बताई। मां और पिता ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस के आने पर फैसल ने आरोपी सलीम के घर की पहचान भी कराई और फिर आकर अस्पताल में भर्ती हो गया। सीओ अलीगंज स्वतंत्र सिंह ने बताया कि गुरुवार को सलीम को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।

बाक्स

वीडियो कॉल से कराई पहचान

फैसल जब अस्पताल में दोबारा भर्ती हुआ तो कुछ देर बाद पुलिस ने वीडियो कॉल से सलीम को पकड़कर उसकी पहचान उससे कराई। सलीम को देखते ही फैसल दहशत में आ गया और जोर से चीखा, जिससे उसके मुंह के घाव फिर से फट गए।