- राजधानी पहुंचे भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृज भूषण सिंह

- नर सिंह को व‌र्ल्ड चैम्पियनशिप में मेडल के साथ ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई करने वाला पहला खिलाड़ी बताया

LUCKNOW: भारतीय कुश्ती के इतिहास में नरसिंह यादव पहला ऐसा खिलाड़ी है जिसने ओलम्पिक क्वालीफाइंग के लिए हुई व‌र्ल्ड रेसलिंग चैम्पियनशिप में ब्रांज मेडल हासिल करने के साथ क्वालीफाई किया। सिर्फ इतना ही नहीं ओलम्पिक के लिए सेलेक्ट भारतीय कुश्ती टीम में नरसिंह ऐसा खिलाड़ी है जिसने टीम में मौजूद सात खिलाडि़यों को नेशनल टूर्नामेंट में मात दी है। यह कहना है भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण सिंह का।

कुश्ती को दिलाया मुकाम

उन्होंने कहा कि कुश्ती की दुनिया में नरसिंह ने खासी मेहनत की है। 74 केजी की वेट कैटेगिरी में उससे शानदार प्लेयर कोई नहीं है। ऐसे में रियो ओलम्पिक में जाने वाली टीम में उसकी अनदेखी नहीं की जा सकती है। मंगलवार को राजधानी में मौजूद बृजभूषण ने कहा कि खेल के नियमों के तहत ही नरसिंह का सेलेक्शन रियो ओलम्पिक के लिए किया गया है। खेल के नियम सभी खिलाडि़यों के लिए बराबर हैं। ऐसे में खिलाडि़यों को नियमों का सम्मान करना चाहिए, नहीं तो इससे काफी उथल-पुथल होगी। उन्होंने कहा कि सुशील 66 केजी की वेट कैटेगिरी का बेहतरीन खिलाड़ी है। इसमें भी कोई शक नहीं है कि ऐसे खिलाडि़यों ने ही कुश्ती को ऊंचाइयों पर पहुंचाया है।

सुशील और नर सिंह के बीच होने वाले मुकाबले के लिए उन्होंने कहा कि यह गलत है। कल को यह प्रथा बन जाएगी। लोग क्वालीफाइंग मुकाबलों में हिस्सा नहीं लेंगे और कहेंगे इंडिया टीम के सेलेक्टर प्लेयर्स से मुकाबला करा दो। अभी ही भारतीय कुश्ती टीम के खिलाड़ी डरे हुए हैं। उन्हें समझ में नहीं आ रहा है कि क्या होगा। आज सुशील ने नरसिंह को चैलेंज किया है कल किसी और खिलाड़ी कोई अन्य खिलाड़ी चैलेंज कर देगा। संघ के अध्यक्ष ने बताया कि एक तो रियो ओलम्पिक बहुत निकट है। इस ओलम्पिक में हमें बेहतर रिजल्ट की उम्मीद है। टीम में शामिल पुरुष और महिलाएं सभी मेडल ला सकती हैं। अब देखना है कि किसका दांव सही बैठता है। लेकिन सुशील और नरसिंह यादव के प्रकरण से भारतीय कुश्ती टीम प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि वह भारतीय संविधान में सौ प्रतिशत विश्वास करते हैं। सुशील और नर सिंह का मामला अब कोर्ट में है। ऐसे में जो भी कोर्ट का आदेश होगा, वह उसका पालन करेंगे। उन्होंने बताया कि किसी खिलाड़ी से मेरा पर्सनल इंटरेस्ट नहीं है। सिर्फ भारतीय कुश्ती को आगे बढ़ाने के लिए मेरी कोशिश है कि रियो ओलम्पिक में बेहतरीन खिलाड़ी शामिल हों।

सुशील ने संघ पर लगाया था आरोप

बताते चलें कि रियो ओलम्पिक के लिए सेलेक्ट की गई भारतीय कुश्ती टीम में सुशील कुमार का सेलेक्शन नहीं हुआ है। उन्होंने ओलम्पिक क्वालीफायर में हिस्सा नहीं लिया था। इसके बाद उन्होंने संघ पर मनमाना रवैया अपनाए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि टीम में उनकी जगह पर सेलेक्टेड खिलाड़ी से मुकाबला करवा दिया जाए और जिसके बाद जो बेहतर हो, उसे टीम में जगह दी जाए। वहीं संघ के अध्यक्ष ने नियमों के तहत नरसिंह का सेलेक्शन किया था। अब यह मामला कोर्ट में है। इसका फैसला 27 मई को आना है।