लखनऊ (ब्यूरो)। बीते सप्ताह बाजारखाला में देर रात ड्यूटी पर जाने के लिए रोड पर खड़ी गाड़ी का इंतजार कर रही महिला सिपाही से छेड़खानी का मामला अभी शांत नहीं हुआ था कि एक बार फिर महिलाओं के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। महिला अपराध से जुड़ी तीन घटनाएं सामने आई हैं। इनमें सुशांत गोल्फ सिटी, नाका और गोमतीनगर थाना पुलिस केस दर्ज किया है।

पहली घटना

नाका थाना क्षेत्र निवासी महिला का आरोप है कि पड़ोसी मनोज बाजपेई उस पर कमेंटबाजी करता है। वह अपनी बहू के संग बाहर निकलती हैं तो उनका वीडियो बनाने लगता है। आरोपी अपराधिक किस्म का है। उस पर कई अपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोप है कि मंगलवार को वह घर से निकली थीं, तब आरोपी ने फिर से अश्लील फब्तियां कसीं। विरोध करने पर आरोपी गाली-गलौज कर उसे जान से मारने की धमकी दी। प्रभारी ने बताया कि एफआईआर दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी गई है।

दूसरी घटना

गोमतीनगर थानाक्षेत्र निवासी महिला डॉक्टर का कहना है कि ठाकुरगंज निवासी फैज खान उसका पीछा कर परेशान करता है। आरोप है कि उसकी शादी के बाद मनचला उसके पति को जान से मारने की धमकी देने लगा। कई बार महिला हेल्पलाइन नंबर पर आरोपी की शिकायत की, बावजूद इसके वह अपनी हरकत से बाज नहीं आया। आरोप है कि मंगलवार रात पीड़ित पति के संग एक शादी समारोह से घर लौट रही थी। समता मूलक चौराहा के पास फैज ने साथी शिवेंद्र सिंह भाल की मदद से उनकी कार रुकवा ली। कार के रुकते ही आरोपी का हाथ पकड़ बाहर घसीटने लगा। पति ने विरोध किया तब आरोपी ने उनकी पिटाई कर दी।

तीसरी घटना

सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र निवासी महिला का आरोप है कि वह मार्केट से वापस घर लौट रही थी। इसी पड़ोसी ओमप्रकाश उपाध्याय ने उस पर अभद्र फब्तियां कसीं। महिला के विरोध करने पर आरोपी गाली-गलौज की। हंगामा सुनकर ओमप्रकाश की पत्नी घर से बाहर आई और उससे मारपीट करने लगी। तभी महिला का आठ साल का बेटे मां की पिटाई देकर रोने लगा। इस पर आरोपियों ने महिला के गले से मंगलसूत्र छीन एक पटरे से मां-बेटे की पिटाई कर दी। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।