लखनऊ (ब्यूरो)। हर-हर महादेव, बम-बम भोले, ओम नम: शिवाय के जयघोषों की गूंज शनिवार को राजधानी के हर कोने में सुनाई देती रही। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की कतारें लग गईं। मंदिरों को इस दौरान फूलों से सजाया गया। देर रात तक शिवालयों में भक्तों का तांता लगा रहा। इस दौरान सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम रहे।

सुबह से लगी भक्तों की कतार

राजधानी में भोले के भक्तों का जोश देखते ही बन रहा था। मनकामेश्वर, महाकाल मंदिर, कोनेश्वर महादेव मंदिर, द्वादश ज्योतिर्लिंग मंदिर समेत अन्य शिवालयों में भी भोर से ही भक्तों की लंबी लाइनें लग गई थीं। भक्त हाथों में गंगाजल, दूध, बेल पत्र, भांग, धतूरा, बेर व फूल की थाली लिए भोले के जयकारे लगा रहे थे। बाबा के दर्शन कर भक्तों ने परिवार की सुख, समृद्धि और शांति की कामना की।

मंदिरों की हुई भव्य सजावट

मनकामेश्वर मंदिर में बाबा का भव्य श्रंृगार और महाआरती की गई। तड़के से ही वहां भक्तों की लंबी कतार लग गई। सुरक्षा के लिहाज से पुरुषों और महिलाओं की लाइन अलग-अलग थी। वहीं, बड़ी संख्या में पुलिस बल भी तैनात रहा। भक्तों में दूध की खीर बतौर प्रसाद वितरित की गई। कोनेश्वर महादेव मंदिर को फूलों से सजाया गया और शाम को दूध की ठंडाई प्रसाद के तौर पर वितरित की गई। राजेंद्र नगर के महाकाल मंदिर में देर रात तक भक्तों ने जलाभिषेक किया। यहां उज्जैन के महाकाल मंदिर की तरह भस्म आरती और भोलेनाथ का श्रंृगार किया गया।

शोभायात्रा निकाली गई

कल्याण गिरि मंदिर में महादेव का भव्य श्रृंगार किया गया। भव्य शिव बारात निकाली गई। शोभायात्रा में देवी-देवताओं की झांकी समेत बड़ी संख्या में भोले के भक्त शामिल हुए, तो दूसरी ओर बड़ा शिवाला से भी शिव बारात निकाली गई। जो चौपटिया क्षेत्र में होते हुए वापस मंदिर पर आकर समाप्त हुई। इस दौरान हर कोई भोले के रंग में सराबोर नजर आया।