लखनऊ (ब्यूरो)। इंस्पेक्टर नित्यानंद ने बताया कि ग्राम पंचायत गढ़ी जिंदौर का मजरा लालूहार गांव निवासी सुनील मेहनत मजदूरी करता है। रविवार रात सुनील अपने दस वर्षीय बेटे आदित्य व मां भगाना के साथ घर के बाहर सो रहा था। उसकी पत्नी सुधा बेटे कार्तिक (7) बेटी नीशू (4) कच्ची कोठरी में सो रहे थे। सोमवार सुबह करीब चार बजे अचानक घर की छत भरभरा का गिर गई, जिसके नीचे मां और बच्चे दब गए।

बच्चों की लाश देखकर बेहोश हुआ पिता
घर के बाहर सो रहे सुनील उसकी मां तथा बेटा आवाज सुनकर उठ गए। उन्होंने कोठरी की छत गिरी देखी तो उनके होश उड़ गए। वह जोर जोर से चीखने चिल्लाने लगे। आवाज सुनकर आसपास के पड़ोसी भी जमा हो गए। सबने मलबे को हटाकर तीनों को बाहर निकाला और इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया।

मां को बच्चों के मौत की नहीं खबर
घटना के बाद मां सुधा को होश नहीं था। उनका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है। अभी तक किसी ने बच्चों के मौत की जानकारी उन्हें नहीं दी है अपने 4 साल की बेटी व 7 साल के बेटे की मौत की खबर से सुधा अंजान है। इस घटना से पूरे गांव वालों की आंखे नम हैं।