लखनऊ (ब्यूरो)। गोमती नगर विस्तार थाना क्षेत्र के अंतर्गत रहने वाली दो बहनें कॉलेज जाने के दौरान लापता हो गईं। कॉलेज की छुट्टी के बाद जब दोनों वापस अपने घर नहीं पहुंचीं तो परिजन परेशान हो गए और कॉलेज में उनकी तलाश की गई, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चल सका। घबराए परिजनों ने मामले की सूचना फौरन गोमती नगर विस्तार पुलिस को दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनों बहनों की तलाश शुरू कर दी है।

स्कूल टाइम पर निकली थीं दोनों

पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता की मां ने बताया कि वह गोमती नगर विस्तार के सुलभ आवास में रहती हैं। उनकी दो बेटियां हैं। छोटी बेटी की उम्र 16 साल है, जो गोमती नगर स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पढ़ती है। जबकि बड़ी बेटी 19 साल की है, जो नेशनल पीजी कॉलेज हजरतगंज में पढ़ती है। उन्होंने बताया कि दोनों बेटियां सुबह सात बजे अपने-अपने कॉलेज के लिए निकलीं, लेकिन छूट्टी के बाद भी वापस घर नहीं लौटीं। जब कॉलेज में पता किया गया तो कुछ जानकारी हासिल नहीं हुई। जिसके बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सहेलियों समेत रिश्तेदारों से पूछा

घटना के बाद परिजनों ने अपने स्तर पर दोनों बेटियों की सहेलियों के घर में खोजबीन और पूछताछ की। इसके अलावा रिश्तेदारों के घर भी फोन कर पूछताछ की गई, लेकिन उनका पता नहीं चल सका। जिससे परेशान होकर परिजनों ने गोमती नगर विस्तार थाने में गुमशुदगी की शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।

कन्नौज में मिली लोकेशन

पुलिस के मुताबिक, दोनों बहनों के गुमशुदा हो जाने पर मोबाइल नंबर के आधार पर उनकी खोजबीन शुरू की गई। दोनों की खोजबीन के लिए कई टीमें लगाई गई हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि उनका मोबाइल नंबर स्विच ऑफ है। जिसके बाद सर्विलांस टीम की मदद ली गई, जिसमें उनकी लोकेशन कन्नौज के एक गांव में मिली है। गोमती नगर विस्तार थाना के इंस्पेक्टर ने बताया कि दोनों बहनों की लोकेशन मिल गई है। जल्द ही उनको परिजनों को सौंप दिया जाएगा।