लखनऊ (ब्यूरो)। वर्तमान समय में राजधानी के 100 से अधिक प्वाइंट्स पर ओपन डंपिंग प्वाइंट की समस्या है। इस वजह से कई जगह रोड साइड वेस्ट नजर आता है। स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 की परीक्षा से पहले निगम प्रशासन की ओर से उक्त समस्या को समाप्त करने की दिशा में कदम उठाया गया है।

बनाए जाएंगे वेस्ट पिक प्वाइंट्स
इस समस्या को समाप्त करने के लिए हर वार्ड में वेस्ट पिक प्वाइंट बनाए जाने की तैयारी है। इसके लिए हर वार्ड में जगह तलाशने का काम भी शुरू कर दिया गया है। यह प्वाइंट, ऐसे जगह बनाए जाएंगे जहां आवासीय बस्ती न हो। इसके बाद यहां से वेस्ट कलेक्ट करने के लिए टाइमिंग तय की जाएगी। इस टाइमिंग के अनुसार ही निगम की गाडिय़ां वेस्ट उठाकर शिवरी प्लांट ले जाएंगी।

टाइमिंग पर फोकस
निगम प्रशासन की ओर से इस समय वेस्ट कलेक्शन की टाइमिंग पर फोकस किया जा रहा है। यह कदम दो तरीकों से इंप्लीमेंट किया जाएगा। पहला घरों से वेस्ट कलेक्ट करने की टाइमिंग और दूसरा पिक प्वाइंट्स से वेस्ट कलेक्ट करने की टाइमिंग। हर सप्ताह टाइमिंग को लेकर समीक्षा भी की जाएगी।

शिवरी में समाप्त होंगे ढेर
शिवरी में भारी मात्रा में वेस्ट के ढेर लगे हुए हैैं। निगम प्रशासन की ओर से उक्त वेस्ट के निस्तारण के लिए मैकेनिज्म तैयार किया जा रहा है। जिससे स्वच्छता परीक्षा के शुरू होने से पहले शिवरी प्लांट वेस्ट फ्री हो सके।