लखनऊ (ब्यूरो)। पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवा से राजधानी में शीतलहर का प्रकोप जारी है। गुरुवार की तरह शुक्रवार को भी राजधानी में धूप के दर्शन तो हुए लेकिन सर्द हवाओं के आगे यह भी बेबस ही नजर आई। सुबह और शाम के समय कोहरे ने लोगों को परेशान किया। वहीं मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल सोमवार तक मौसम में किसी तरह का बदलाव नहीं होगा। न्यूनतम तापमान इसी तरह बना रहने की आसार जताए गए हैं। हालांकि अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री का इजाफा हो सकता है।

दोपहर में मिली कुछ देर राहत

सुबह गलन भरी सर्दी के बाद राजधानी में दोपहर के समय धूप निकली। लोगों को आस बंधी कि आज शाम को बीते दिनों की तरह सर्दी नहीं झेलनी पड़ेगी। लोगों की यह उम्मीदें भी कुछ देर में ही खत्म हो गईं, क्योंकि सर्द हवा का प्रकोप कम नहीं हुआ। शाम होते ही राजधानी में एक तरह से कोल्ड कफ्र्यू लग गया। सड़कों पर सन्नाटा हो गया और बाजारों में भी समय से पहले दुकानें बंद हो गईं।

अभी ऐसा ही रहेगा मौसम

आंचलिक मौसम केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एम दानिश के मुताबिक पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के चलते मैदानी इलाकों में बर्फीली हवा चल रही है। जिसकी वजह से ठंड और गलन बढ़ है। अब कुछ दिनों तक मौसम ऐसा ही रहने का पूर्वानुमान है। पहाड़ों पर बर्फबारी बंद होने के बाद ही तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है।

फ्लाइट और ट्रेनों का शेड्यूल बिगड़ा

कोहरे के चलते ट्रेनों और फ्लाइट्स का शेड्यूल बिगड़ गया है। बीते कुछ दिनों की तरह शुक्रवार को भी राजधानी आने वाली कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से काफी देर से आईं, जिसके चलते मुसाफिरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं विमान सेवाएं भी कोहरे के चलते प्रभावित हो रही हैं।

बाजारों में शाम होते ही सन्नाटा

वहीं भीषण सर्दी का असर बाजारों में भी देखने को मिला। शाम के समय बाजारों में लोगों की काफी कम भीड़ दिखाई दी और कई दुकानें तय समय से पहले ही बंद हो गईं। वहीं सुबह के समय भी अधिकतर बाजारों में व्यापारी अलाव जलाकर आग तापते नजर आए।

कानपुर में 18 लोगों की मौत

शुक्रवार को भीषण सर्दी के चलते हार्ट अटैक आने से कानपुर में 18 लोगों की मौत हुई है। यहां दो जनवरी से अब तक सर्दी के चलते हार्ट अटैक और ब्रेन स्ट्रोक से कुल 75 लोगों की मौत हो चुकी है। यहां सर्वाधिक 26 मौतें गुरुवार को दर्ज की गई थीं।

बीते छह दिनों का हाल

डेट अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान

1 जनवरी 18 12

2 जनवरी 17 10

3 जनवरी 10.6 6.7

4 जनवरी 12 7.3

5 जनवरी 15.8 6

6 जनवरी 14.8 5.9

नोट - तापमान डिग्री सेल्सियस में।