- दिवाली नजदीक आते ही पेंट की दुकानों पर उमड़ने लगे कस्टमर्स

LUCKNOW: त्योहार और सहालग के अवसर पर घर को सजाने की पुरानी परंपरा है। दिवाली में तो अधिकतर लोग अपने घर की साज-सज्जा के साथ पेंटिंग का काम करवाते हैं। इस बार भी यही हो रहा है। दिवाली आते ही पेंट की दुकानों पर कस्टमर्स की भीड़ लगने लगी है। इस बार प्लास्टिक पेंट, एस्टेनसील और वॉल पेपर की डिमांड अधिक हैं। हालांकि अच्छे पेंट कारीगरों की दिक्कत भी बाजार में सामने आ रही है।

बिजनेस में आ रही तेजी

फेस्टिव सीजन शुरू होने के साथ पेंट की दुकानों पर कस्टमर्स की भीड़ लग रही है। पिछले दो महीनों से मार्केट में लगातार सुधार देखने को मिल रहा है। जिससे व्यापारी काफी खुश हैं।

बजट पेंट की डिमांड ज्यादा

राजधानी मोजेक एंड पेंट्स के ओनर रिदम लाटकानी ने बताया कि मार्केट मिलाजुला चल रहा है। मीडियम रेंज के पेंट की ज्यादा डिमांड है, जिसमें लोग 2-4 हजार रुपए प्रति लीटर वाले एमल्सशन की मांग कर रहे हैं। कारीगरों की दिक्कत के कारण महंगे पेंट नहीं बिक रहे हैं। इस बार वॉल पेपर की काफी सेल हो रही है।

डिस्टेंपर की अधिक डिमांड

दयाल पेंट एंड हार्डवेयर के ओनर अनुपम वैश्य ने बताया कि इस समय जो कस्टमर आ रहे हैं, वे डिस्टेंपर की मांग ज्यादा कर रहे हैं। इसमें भी लोग मीडियम रेंज ही पसंद कर रहे हैं। वाल पुट्टी की बहुत सेल हो रही है और टेक्सचर को भी काफी पसंद किया जा रहा है। पेंट की सेल हर बार दिवाली के आसपास तेजी पकड़ती है, जो इस बार भी हो रहा है।

मजदूरों की कमी बनी दिक्कत

लॉकडाउन में जो कारीगर घर लौट गए थे, वे अब तक वापस नहीं आए हैं। जिससे पेंट कारीगरों की कमी बनी हुई है। यही कारण है कि अच्छे पेंट कारीगर न होने के कारण लोग महंगा पेंट कराने से बच रहे हैं। इस बार महंगे पेंट की सेल नहीं हो रही है।

कोट

मार्केट अभी ठीक चल रहा है। इस समय लोग बजट पेंट की डिमांड अधिक कर रहे हैं।

अनुपम वैश्य, ओनर, दयाल पेंट एंड हार्डवेयर

लोग इस समय महंगा पेंट खरीदने से बच रहे हैं क्योंकि कारीगरों की कमी है। उम्मीद है कि मार्केट आगे और अच्छा होगा।

रिदम लाटकानी, ओनर, राजधानी मोजेक एंड पेंट्स