लखनऊ (ब्यूरो)। मंडलायुक्त के निर्देश के बाद राजधानी के सभी वार्डों को स्वच्छ बनाने के लिए कवायद शुरू कर दी गई है। इसके अंतर्गत सभी जोन में वेस्ट पिक प्वाइंट बनाए जाएंगे साथ ही वेस्ट कलेक्शन की टाइमिंग पर फिर से फोकस किया जाएगा। इसके साथ ही पब्लिक को भी बताया जाएगा कि उनके घर से कितने बजे वेस्ट उठेगा। इस कदम को उठाने की वजह यही है कि स्वच्छता सर्वेक्षण 2023 में निगम बेहतर परफॉर्म कर सके।

बनाए जाएंगे वेस्ट पिक प्वाइंट्स

हर वार्ड में वेस्ट पिक प्वाइंट बनाए जाने की तैयारी है। इसके लिए हर वार्ड में जगह तलाशने का काम भी शुरू कर दिया गया है। यह प्वाइंट, ऐसे जगह बनाए जाएंगे जहां आवासीय बस्ती न हो। इसके बाद यहां से वेस्ट कलेक्ट करने के लिए टाइमिंग तय की जाएगी। इस टाइमिंग के अनुसार ही निगम की गाडिय़ां वेस्ट उठाकर शिवरी प्लांट ले जाएंगी। जहां वेस्ट का प्रॉपर तरीके से निस्तारण किया जाएगा। इसके साथ ही यह भी देखा जाएगा कि वेस्ट परिवहन के दौरान वेस्ट परिवहन की गाडिय़ां अच्छी तरह से कवर रहें, जिससे वेस्ट रोड पर न गिरे।

टाइमिंग पर फोकस

निगम प्रशासन की ओर से इस समय वेस्ट कलेक्शन की टाइमिंग पर फोकस किया जा रहा है। यह कदम दो तरीकों से इंप्लीमेंट किया जाएगा। पहला घरों से वेस्ट कलेक्ट करने की टाइमिंग और दूसरा पिक प्वाइंट्स से वेस्ट कलेक्ट करने की टाइमिंग। हर सप्ताह टाइमिंग को लेकर समीक्षा भी की जाएगी। इसके साथ ही जोनवार मानीटरिंग टीमें भी बनाई जाएंगी। जिससे हर जोन की अलग से रिपोर्ट भी बन सकेगी। वहीं दूसरी तरफ शिवरी में भारी मात्रा में वेस्ट के ढेर लगे हुए हैं। निगम प्रशासन की ओर से उक्त वेस्ट के निस्तारण के लिए मैकेनिज्म तैयार किया जा रहा है। जिससे स्वच्छता परीक्षा के शुरू होने से पहले शिवरी प्लांट वेस्ट फ्री हो सके।