लखनऊ (ब्यूरो)। निगम प्रशासन की ओर से महिला बाजार बनाने के लिए लंबे समय से कवायद की जा रही थी। कई इलाकों में इसके लिए जमीन तलाशने का प्रयास किया जा रहा था लेकिन जगह पर मुहर नहीं लग पा रही थी। अब चारबाग में महिला बाजार के लिए जमीन फाइनल हुई है। आर्किटेक्ट से भी बातचीत फाइनल मोड पर है। निगम की ओर से अप्रैल से महिला बाजार को सेटअप करने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे। महिला बाजार के लिए बजट की भी व्यवस्था की जाएगी। महिला बाजार में महिलाओं से जुड़े उत्पादों की ही बिक्री की जाएगी। इसके साथ ही महिला बाजार में महिला दुकानदार ही रहेंगी।

कार्यकारिणी फिर सदन

आचार संहिता समाप्त होने के बाद पहले कार्यकारिणी का चुनाव कराया जाएगा, जिससे कार्यकारिणी के सदस्यों की संख्या पूरी की जा सके। इसके बाद मूल बजट के लिए सदन बुलाया जाएगा। जिसमें महिला बाजार के लिए बजट का प्राविधान किया जाएगा।

योजनाओं को रफ्तार

आचार संहिता लगने की वजह से कई योजनाएं रुकी हुई हैैं। आचार संहिता समाप्त होने के बाद सभी योजनाओं को जल्द से जल्द पूरा किया जाएगा। इन योजनाओं में पार्कों का डेवलपमेंट, बेबी फीडिंग प्वाइंट आदि शामिल हैैं।

आचार संहिता समाप्त होने के बाद महिला बाजार की दिशा में कदम आगे बढ़ाए जाएंगे। इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

संयुक्ता भाटिया, मेयर