लखनऊ (ब्यूरो)। ठाकुरगंज क्षेत्र के अंतर्गत हरिनगर चौराहे स्थित चेतना पब्लिक स्कूल के पास एक युवक की अवैध संबंधों के चलते गोली मारकर हत्या का प्रयास किया गया। आरोपियों ने वारदात को उस समय अंजाम दिया, जब वह नौकरी से अपने घर लौट रहा था। ठाकुरगंज पुलिस ने पीड़ित की पत्नी की शिकायत पर तीन लोगों पर केस दर्ज किया है।

वारदात के बाद फरार आरोपी

वारदात गुरुवार देर रात 12.30 बजे की है। दुबग्गा के मल्हपुर में शानू रस्तोगी उर्फ हिमांशु (38) परिवार संग रहते हैं। वह प्राइवेट नौकरी करते हैं। वह गुरुवार रात अपने दोस्त को उसके घर छोड़कर बाइक से अपने घर जा रहे थे। चेतना पब्लिक स्कूल के पास पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उन्हें घेरकर रोका और गोली मार दी। गोली पीठ के ऊपरी हिस्से पर लगी और वह खून से लथपथ होकर गिर गए। आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े तो आरोपी मौके से फरार हो गए।

इनके खिलाफ केस दर्ज

सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शानू को इलाज के लिए ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया और सूचना उनके परिजनों को दी। शानू की पत्नी काजल ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि ठाकुरगंज निवासी विवेक विवेक सिंह तोमर, उसके ससुर कस्तूरी लाल और साले अंकित ने उनके पति को गोली मारी है। पुलिस कई धाराओं में केस दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है।

इस वजह से मारी गोली

पुलिस जांच में सामने आया है कि शानू और आरोपी विवेक की पत्नी एक ही मोहल्ले के हैं। दोनों के बीच पहले प्रेम-प्रसंग था। बाद में युवती की शादी विवेक से हो गई, पर शानू ने उसका पीछा नहीं छोड़ा। वहीं, डीसीपी पश्चिम राहुल राज ने बताया कि आरोपी विवेक सिंह की पत्नी से शानू के अवैध संबंध होने की जानकारी का पता चला है। इसी के चलते आरोपी विवेक ने अपने ससुर व साले के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया है।