इधर खोजती रही मेरठ पुलिस, उधर बागपत में गिरफ्तार हो गया डॉक्टर

बागपत के बिनौली थाना पुलिस ने तमंचे के आरोप में गिरफ्तार कर भेजा जेल

Meerut। आकाश हत्याकांड में सात दिनों तक हुए बवाल के बाद पुलिस भले ही अपनी लाज बचाने में सफल रही। इधर, मेरठ पुलिस जब आरोपी डॉक्टर के घर की कुर्की कर रही थी, उधर, डॉक्टर बागपत जिले की पुलिस ने उसे आर्म एक्ट में गिरफ्तार कर लिया है। अब इसी संयोग पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

बाद में मिली जानकारी

हालांकि मेरठ पुलिस का कहना है कि उनको आरोपी डॉक्टर की गिरफ्तारी की जानकारी कुर्की की कार्रवाई खत्म होने के बाद मिली। वहीं पता चला कि बागपत जिले की बिनौली थाने की पुलिस ने डॉक्टर को तमंचे के आरोप में पकड़कर जेल भेज दिया। अब मेरठ पुलिस डॉक्टर को रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है।

ये है मामला

बता दें कि 11 जनवरी को रिठानी निवासी आकाश पुत्र ऋषिपाल की पड़ोसी डॉक्टर प्रदीप ने परिजनों के साथ मिलकर डंडों से पिटाई कर दी थी। उसके शरीर में 56 फ्रैक्चर आए थे और 17 दिन तक चले उपचार के बाद आकाश ने 29 दिसंबर को दम तोड़ दिया था। इसके बाद आकाश के परिजनों ने पंचायत कर हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी। गिरफ्तारी नहीं होने पर रिठानी बाजार बंद कर कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन भी किया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी दंपती पर 25-25 हजार का इनाम घोषित कर घर पर कुर्की की कार्रवाई का नोटिस भी चस्पा कर दिया था। जिसके बाद शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी के घर कुर्की की कार्रवाई करने पहुंची उधर, आरोपी डॉक्टर प्रदीप ने बागपत जिले के बिनौली थाने में गिरफ्तारी दे दी। बिनौली पुलिस ने डॉक्टर को तमंचा रखने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

कुर्की के बाद मिली जानकारी

पुलिस को आरोपी डॉक्टर के घर की कुर्की की कार्रवाई के बाद बिनौली थाने में गिरफ्तार होने की जानकारी मिली। जिसके बाद अब पुलिस रिमांड पर बनाकर बागपत जेल से डॉक्टर को मेरठ जेल में लेकर आएगी। साथ ही डॉक्टर की पत्नी अनीता और बेटे देव की गिरफ्तारी को पुलिस दबिश दे रही है।

आकाश हत्याकांड में पुलिस तेजी से कार्रवाई कर रही है। फरार दंपती पर 25-25 हजार का इनाम कराने के बाद कोर्ट के आदेश पर कुर्की की कार्रवाई की गई। डॉक्टर के परिजनों की गिरफ्तारी नहीं होने पर संपत्ति जब्तीकरण की कार्रवाई भी की जाएगी। साथ ही डॉक्टर के परिजन की तलाश की जा रही है।

अजय साहनी, एसएसपी