- शहर में कांवडि़यों की आमद शुरू, जगह-जगह भंडारे

- पुलिस-प्रशासन चौकस, किया कांवड़ मार्ग का निरीक्षण

Meerut कांवड़ यात्रा के चलते शहर में अब भोलों की नगरी बसनी शुरू हो गई है। एक ओर जहां बाहरी कांवडि़यों ने शहर से निकलना शुरू किया है, वहीं उनके स्वागत में जगह-जगह लगे भण्डारों में खाने-पीने का पूरा बंदोबस्त किया गया है।

चढ़ने लगा कांवड़ का रंग

एक अगस्त को श्रावन मास की महा शिव रात्रि है। इसको लेकर जहां सड़कों पर शिव भक्तों की कतार दिखने लगी है, वहीं शहर स्थित मंदिरों और शिवालयों में बजने वाले भोलों के भजनों से शहरवासियों पर कांवडि़यों का रंग चढ़ने लगा है। शहर के मंदिरों को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है और कांवडि़यों के ठहरने के भी पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।

सेवा शिविर और भंडारे

एक ओर जहां शहर में शिवभक्तों का आगमन शुरू हुआ है, वहीं उनके सेवा सत्कार और खान-पान के लिए श्रद्धालुओं ने सेवा शिविर और भंडारों का आयोजन किया है। रुड़की रोड पर कांवडि़यों के लिए लगाए गए शिविर और भंडारों का मेला लगना शुरू हो गया है। यही नहीं इन सेवा शिविरों में स्वास्थ विभाग की ओर से चेकअप कैंप भी लगाए गए हैं।

पुलिस-प्रशासन की पैनी नजर

कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस-प्रशासन की ओर से पूरी चौकसी बरती गई है। रविवार को पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने मार्ग पर चेकिंग अभियान भी चलाया।