- मेले का आनंद लेने वालों में सबसे अधिक युवा वर्ग

- सुबह से शुरू हो गया था मेरठ, सरधना आदि से लोगों का आगमन

Sardhna : ऐतिहासिक सरधना चर्च में लगे क्रिसमस पर्व पर शुक्रवार को हजारों की संख्या श्रद्धालुओं ने प्रभु यीशु और माता मरियम के दर्शन कर मन्नत मांगी। साथ ही मेले में खरीदारी की। श्रद्धालुओं के सैलाब की वजह से व्यवस्थाएं भी चरमरा गई। चर्च में शाम चार बजे ही प्रवेश बंद होने पर एकबारगी हंगामे की स्थिति भी बन गई। काफी संख्या में श्रद्धालुओं को मायूस होकर वापस लौटना पड़ा।

विशेष प्रार्थना का आयोजन

क्रिसमस पर शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे फादर जॉन मेंडोंसा, फादर अनुराग, फादर राजू आदि ने विशेष प्रार्थना कराई। इसके बाद विश्वासियों को परम प्रसाद वितरित किया गया। एक दूसरे को क्रिसमस की बधाई दी गई। सूरज सुबह ही निकलने से काफी संख्या में श्रद्धालु 9 बजे तक ही चर्च पहुंच गए थे। मगर प्रार्थना की वजह से उन्हें बाहर ही रोके रखा गया। प्रार्थना होने पर श्रद्धालु चर्च में पहुंचे। दोपहर होते होते दूसरे प्रांतों के साथ मेरठ, सरधना नगर व देहात से लोगों का आगमन शुरू हो गया। जिनमें सभी वर्गो के लोग शामिल रहे।

चर्च में युवा अधिक पहुंचे

चर्च पहुंचकर मेले का आनंद लेने वालों में युवा वर्ग सबसे अधिक देखने को मिला। नवंबर माह के दूसरे शनिवार व रविवार को लगने वाले मेले जैसी भीड़ उमड़ते देख नगर पालिका तिराहे से वाहनों को चर्च की ओर जाने से रोक दिया गया। पार्किंग की व्यवस्था नहीं किए जाने से श्रद्धालुओं को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। दर्शनार्थियों के चर्च मेले में पहुंचने का सिलसिला दिन भर चला। श्रद्धालुओं ने चर्च के भीतर सजाई गई प्रभु यीशु के जन्म की झांकी 'चरनी' के अलावा कृपाओं की माता की चमत्कारी तस्वीर के दर्शन करते हुए मन्नत मांगी।

मांगी मन्नत

काफी संख्या में लोगों ने संत जॉन सेमिनरी में छात्रों द्वारा सजाई गई चरनी की झांकी भी देखी। इसके अलावा चर्च के बाहर लगे मेले में दिन भर खरीददारों की भारी भीड़ उमड़ी। जिससे दुकानदारों के चेहरे खिले रहे। चर्च प्रबंधक फादर पाक्यानाथन, एसडीएम ब्रजभान सिंह राठौर, सीओ बृजेश कुमार सिंह, इंस्पेक्टर मेहर सिंह, तहसीलदार रंजीत कुमार, एसएसआइ कुलवीर सिंह चर्च में व्यवस्थाओं पर नजर बनाए रहे।

इनसेट

हुड़दंग करने वालों के काटे चालान

-चर्च में क्रिसमस पर्व पर अनुमान से अधिक भीड़ में शामिल युवा वर्ग के बीच मनचले अपना काम करते रहे। जबकि कई हुड़दंगी भी दुपहिया वाहनों से चर्च पहुंचे। इस बीच पुलिस ने कई को पकड़कर सबक भी सिखाया। दुपहिया वाहनों पर हुड़दंग कर रहे कई लोगों के थाने के सामने चालान भी काटे गए।

कई की जेब कटी, मोबाइल उड़ाए

-चर्च में भीड़ के चलते जेबकतरे भी सक्रिय रहे। मौका मिलते ही उन्होंने कई लोगों की जेब काट ली। कई लोगों के मोबाइलों पर हाथ साफ कर दिया। पीडि़त थाने पहुंच कर पुलिस से रिपोर्ट दर्ज करने की गुहार लगाते रहे।

चरमरा गई नगर की यातायात व्यवस्था

-क्रिसमस पर्व पर भारी संख्या में श्रद्धालु सरधना पहुंचे तो यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। पुलिस चौकी बस स्टैंड चौराहे के चारों ओर भीषण जाम लग गया। जाम में श्रद्धालुओं के साथ आम लोग घंटों तक फंसे रहे। जिसके चलते उन्हें मुश्किलों का सामना करना पड़ा। शाम को क्रिसमस मेला संपन्न होने के बाद ही जाम से निजात मिल पाई।

गेट बंद होने पर रही हंगामे की स्थिति

-चर्च का गेट शाम ठीक चार बजे बंद कर दिया गया। इसके बाद भी श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला जारी रहा। गेट पर एकत्र लोगों ने जबरन चर्च में प्रवेश का प्रयास किया तो पुलिस ने उन्हें रोक दिया। जिस पर हंगामे की स्थिति रही। बाद में काफी संख्या में श्रद्धालुओं को मायूस ही वापस लौटना पड़ा।