मेरठ (ब्यूरो)। होली का त्योहार आ गया है, लेकिन शहर के कुछ होलिका स्थल में अभी तक सफाई नहीं की गई है। इस पर शहरवासियों ने नाराजगी भी जताई है। होलिका स्थलों की साफ-सफाई को लेकर दैनिक जागरण आई नेक्स्ट ने 'ये कैसी सफाई' नाम का अभियान चलाया था। जिम्मेदारों को दिखाया था कि होलिका दहन में गंदगी पसरी है। कोई सुध लेने वाला नहीं है। हालांकि, शहर के कुछ इलाकों को चमकाकर नगर निगम ने इतिश्री जरूर कर ली है।

कुछ जगहों को सजाया
दैनिक जागरण आई नेक्सट ने जब होलिका स्थलों में पसरी गंदगी को दिखाया तो नगर निगम के अधिकारी एक्टिव मोड में आ गए । खबरों का असर यह हुआ कि नगर निगम ने होलिका दहन स्थलों को सजाना -संवारना शुरू कर दिया। ऐसे में शहर के कमिश्नरी पार्क, देवलोक कॉलोनी, सर्किट हाउस आदि जगहों पर रंगोली और गुब्बारे लगाकर होलिका दहन स्थलों को सजाया गया।

सजाए गए होलिका स्थल
होलिका दहन के लिए नगर निगम ने न सिर्फ शहर के होलिका स्थल को सजाना संवारना शुरू कर दिया है। बल्कि वहां पर रंगोली बनाने की तैयारियां तेज हो गई है। अब निगम का दावा है कि होली को लेकर शहर में होलिका स्थल साफ-सफाई कराई गई है। निगम का दावा है कि इस बार होली में गंदगी नहीं देखने को मिलेगी। साफ-सफाई की चुस्त दुरुस्त व्यवस्था की जाएगी।

सफाई में जुटी टीम
शहरभर में बने होलिका दहन स्थल को सजाने संवारने के लिए नगर निगम की टीम जुटी रही। रविवार को छुट्टी के बावजूद भी सफाई अभियान चलाया गया। वहीं, सोमवार को दिन निकलते ही नगर निगम की टीम सफाई में जुट गई।

नालों से निकाली गई सिल्ट
निगम ने नालों की सफाई के लिए दिल्ली रोड समेत शहर के बाजारों में नालों की सफाई का काम जारी रहा। वहीं सोमवार को भी नालों की सिल्ट निकालने के लिए जेसीबी और ट्रैक्टर लेकर निगम के कर्मचारी जुटे रहे। शहर के कई कूड़ा स्थलों को साफ कराया गया। शहर में रखे कूड़ेदान और अस्थाई कूड़े केढेर भी साफ कराए गए।

चौराहों पर बनी आकर्षक रंगोली
इसके साथ ही शहर के कुछ चौराहों पर आकर्षक रंगोली बनाई गई। होलिका दहन स्थलों को भी आकर्षक रंगोली से सजाया गया। सभी प्रमुख मार्गों पर चूना डालकर सजाया गया।

रात में भी हुई सफाई
होली के त्योहार के मद्देनजर नगर निगम की टीम देर रात भी साफ-सफाई में जुटी रही। देर रात तक डस्टबिन खाली कराए गए। इसके अलावा सभी धार्मिक स्थलों और रंगोली के आसपास साफ सफाई जारी रही।

दिन और रात दो शिफ्ट में शहर में जगह-जगह सफाई कराई जा रही है। शहर भर में चौराहों पर रंगोली बनाई गई है। कोशिश है कि होली पर शहर में कहीं भी गंदगी का ढेर ना दिखाई दे और ना ही जलभराव की समस्या बने।
डॉ। हरपाल सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी