- नगर निगम में 2355 तथा नगर पालिका व नगर पंचायतों में 277 कर्मियों की होगी नियुक्ति

- मेरठ में बंद होगी हर महीने की जा रही करोड़ों की धांधली

Meerut : प्रदेश सरकार ने स्थानीय निकायों में 40 हजार सफाई कर्मियों की संविदा पर भर्ती करने का आदेश सोमवार को जारी कर दिया। जिसमें मेरठ शहर में 2355 तथा दो नगर पालिकाओं और 10 नगर पंचायतों में 277 कर्मियों की भर्ती करने का आदेश है। कर्मचारियों की यह मांग वर्ष 2011 की शहरों की जनसंख्या के मुताबिक निर्धारित की गई है।

पुरानी है मांग

प्रदेश सरकार ने गत वर्ष मेरठ शहर में 2215 संविदा सफाई कर्मियों की संविदा समाप्त करके उन्हें ठेके पर रखने का आदेश दिया था। निगम प्रशासन ने इस आदेश का पालन कर दिया। इसके साथ ही शहर में ड्यूटी करने वाले सफाई कर्मियों की संख्या अचानक कम हो गई तथा पूरा शहर गंदगी से बेहाल हो गया है। आरोप है कि 2215 कर्मियों में से आधे कर्मचारी भी काम नहीं करते। ठेकेदार और निगम प्रशासन मिलकर हर महीने करोड़ों रुपये का घोटाला कर रहे हैं। इस आरोप तथा विवाद के चलते सफाई कर्मचारी ठेका प्रथा को समाप्त करके वापस संविदा पर काम कराने की मांग करते रहते हैं।

शासन के आदेश का पालन करते हुए जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

-देवेंद्र सिंह कुशवाहा, नगर आयुक्त