मेरठ (ब्यूरो)। नगर निकाय चुनाव में बीजेपी संगठन को मजबूत करने के लिए डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को कार्यकर्ताओं को टिप्स दिए। वे बीजेपी के क्षेत्रीय कार्यालय हरमन सिटी पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रीय पदाधिकारियों, जिला महानगर पदाधिकारियों व विभिन्न मोर्च के अध्यक्षों के साथ बैठक की।

जोरदार स्वागत किया
इस मौके पर मंच संचालन जिला अध्यक्ष विमल शर्मा ने किया। वहीं, क्षेत्रीय कार्यालय मंत्री अभय कुमार सिंह ने डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसोदिया एवं क्षेत्रीय महामंत्री डॉ। विकास अग्रवाल एवं हरीश ठाकुर का स्वागत किया।

हर कार्यकर्ता पर है नजर
इस मौके पर क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र सिसौदिया ने कहा कि प्रदेश व केंद्र सरकार का शासन ऐतिहासिक रहा है। भारतीय जनता पार्टी की नजर हर कार्यकर्ता पर है। उसकी क्षमता के अनुसार उससे पद की जिम्मेदारी दी जाती है। मैने भी वार्ड व मंडल कार्य समिति से क्षेत्रीय अध्यक्ष के पद तक यात्रा की है।

सारी समस्याएं दूर होंगी
इस दौरान डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि मैं प्रशासनिक बैठक करने से पहले कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनना पसंद करता हूं। समस्याओं के निस्तारण के लिए अधिकारियों से बात करूंगा। कार्यकर्ताओं ने बताया कि कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस और प्रशासन के अधिकारी सही व्यवहार नहीं करते हैं। शहर की सड़कें गड्ढों से भरी हैं। एमडीए में धांधली चल रही है। वहीं, क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष विजेंद्र अग्रवाल ने कहा कि शहर में चोरियां हो रही हैं, लेकिन खुलासा पुलिस प्रशासन नहीं कर पा रहा है। कार्यकर्ताओं पर जो राजनीतिक मुकदमे लगे हैं वह जल्द से जल्द समाप्त किए जाएं, डिप्टी सीएम ने कहा कि कार्यकर्ताओं की समस्याओं को दूर किया जाएगा।

ग्राम चौपाल में भाग लें
उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले में शुक्रवार को ग्राम चौपाल लगती है। वहां पर अधिकारियों के साथ भाजपा पदाधिकारी डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के प्रतिनिधि के रूप में अधिकारियों के साथ बैठेंगे। इससे उनकी समस्याएं जल्द दूर होंगी। हमारी पार्टी का अगला मिशन नगर निकाय चुनाव हैं। इसके बाद लोकसभा 2024 का चुनाव है।

ये लोग रहे मौजूद
बैठक में महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल, केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान, राज्य मंत्री दिनेश खटीक, सांसद राजेन्द्र अग्रवाल राज्य सभा सांसद विजयपाल सिंह तोमर, कांता कर्दम, एमएलसी सरोजनी अग्रवाल धर्मेंद्र भारद्वाज आदि मौजूद रहे।