मेरठ ब्यूरो। मतदान लोकतंत्र की पहचान होती है। जिस देश में जितना अधिक मतदान होता है। उस देश का लोकतंत्र उतना ही अधिक मजबूत होता है। मेरठ में विभिन्न क्षेत्रों में महापौर एवं सभासद के चुनाव में मताधिकार का प्रयोग करने पहुंचे युवक और युवतियों में पहली बार मतदान करने को लेकर खासा उत्साह दिखा। युवक और युवतियों ने कहा कि देश का नागरिक होने पर गर्व महसूस हो रहा है। अपने मत का प्रयोग वो अपने शहर के महापौर और अपने सभासद को चुन रहे है इसकी उनको खुशी है।

डेवलपमेंट का मुद्दा

यूथ में वोटिंग को लेकर उत्साह था। पहली बार वोट देने आए युवाओं का मुख्य मुद्दा विकास था। उन्होंने कहा कि शहर में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। सड़कें और जलभराव की समस्या से लोग रोजाना जूझते हैं। ऐसे में हम उसी को चुनेंगे, जो इस समस्या को दूर करेगा।

कई दिनों से था उत्साह

कुछ माह पहले जब मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रपत्र मांगे गए तभी से मतदान को लेकर मन में उत्साह था। अब पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग कर नगर का प्रतिनिधि चुनने का मौका मिला है। इसको लेकर काफी उत्साह है।

सुमित

कुछ दिन पहले मतदाता सूची में नाम होने की जानकारी परिवार के लोगों ने दी। उसी दिन से इस पल का इंतजार था। पहली वोट देने के उत्साह में सुबह पांच बजे ही जाग गई थी। वोट देकर अच्छा लग रहा है।

इशिता

मतदान लोकतंत्र की पहचान होती है। इसके पहले लोगों को मतदान करने के लिए जाते हुए देखने पर मन में मतदान करने की ललक होती थी। उत्साहित मन से मतदान करने पहुंची हूं।

प्रिंस वर्मा

मतदाता सूची में नाम होना बहुत ही गर्व की बात है, इस बार मेरा भी नाम मतदाता सूची में है पहली बार वोट देकर खुद को मुझे खुशी हो रही है, मैं रातभर सुबह होने का इंतजार कर रहा था।

अभिषेक

परिवार के बड़े लोगों से मतदान के महत्व के बारे में काफी वर्षों से सुनता रहा हूं। आज पहली बार वोट देने का मौका मिला है। अब इसके बारे में समझने का मौका मिला है बहुत खुशी हो रही है।

हनी प्रजापति