- जनपद में 95 ग्राम पंचायत सदस्य प्रत्याशियों का भाग्य पेटी में बंद

- कल सुबह आठ बजे से होगी ब्लॉक मुख्यालयों पर मतगणना

Mawana : जनपद के नौ ब्लॉकों में रविवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए मतदान शांतिपूर्वक सम्पन्न हो गया। ग्राम पंचायत सदस्य के 47 पदों पर 95 प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटियों में बंद हो गया है। मतदान के बाद विकास खंड मुख्यालयों पर मतपेटियां जमा कर दी गयी हैं। आगामी 23 फरवरी को ब्लाकों मुख्यालयों पर मतगणना होगी।

28 मजिस्ट्रेट रहे तैनात

बता दें कि जनपद में ग्राम पंचायत सदस्य के कुल 6,414 पद हैं। चुनाव के बावजूद 984 पद खाली रह गए थे। इन पदों पर उप चुनाव है, जिनमें से नौ सौ से अधिक पदों पर प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो गए। जबकि नौ ब्लॉकों के 47 पदों पर रविवार को सुबह सात से लेकर शाम पांच बजे तक चुनाव हुआ। इन पदों पर कुल 95 प्रत्याशी मैदान में थे। इनमें एक पद पर तीन प्रत्याशी मैदान में थे। बाकी पदों पर दो-दो प्रत्याशियों के बीच मुकाबला हुआ। चुनाव के लिए सभी ब्लाकों में तीन जोनल और 28 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे। रजपुरा, रोहटा व सरूरपुर खुर्द ब्लॉक में पहले ही सभी ग्राम पंचायत सदस्यों के निर्विरोध हो जाने के कारण मतदान नहीं हुआ।

शांतिपूर्वक हुआ मतदान

सहायक निर्वाचन अधिकारी पंचायत केके मिश्रा ने बताया कि सभी नौ ब्लॉक में चुनाव शांतिपूर्वक सम्पन्न हो गया है। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शाम को सभी ब्लॉक मुख्यालयों पर मतपेटियां भी जमा करा दी गई है। उन्होंने बताया कि 23 फरवरी को सुबह आठ बजे से सभी ब्लॉकों पर मतगणना होगी।

मेरठ ब्लॉक में पडे़ 128 वोट

मेरठ ब्लाक में भी शांतिपूर्ण मतदान हुआ। मेरठ ब्लाक में ग्राम पंचायत सदस्य के वार्ड तीन महरौली में मतदान हुआ। सहायक विकास अधिकारी पंचायत पारस गुप्ता ने बताया कि मेरठ ब्लाक में कुल 146 में से 128 वोट पडे़ हैं। मतपेटियां स्ट्रांग रूम में जमा करा दी गई है। प्रत्याशियों को परिणाम के लिए मंगलवार तक इंतजार करना पड़ेगा। जिला प्रशासन ने सभी ब्लॉकों में मतपेटियां जमा होने के बाद पुलिस फोर्स तैनात कर दी हैं।