- सुबह सवा चार बजे तक सीसीटीवी में आया नजर, उसके बाद हुआ गायब

- पार्किंग में मिली लाश, हाथ-पांव बंधे थे, मुंह पर लगा था टेप

Meerut: सिविल लाइंस थानाक्षेत्र स्थित सुशीला जसवंत राय अस्पताल में रविवार अल सुबह सिक्योरिटी गार्ड की हत्या कर दी गई। तब वह ड्यूटी पर तैनात था। जब वह परिसर में नजर नहीं आया तो सभी उसकी तलाश में जुट गए। अस्पताल के पार्किंग एरिया में उसकी लाश मिली। मौत की खबर सुनते हुए परिजनों गुस्से का फूट पड़ा। उन्होंने हॉस्पिटल और पोस्टमार्टम हाउस पर जमकर हंगामा किया। हॉस्पिटल में उन्होंने बाकी गार्ड की पिटाई भी की। वे तोड़फोड़ पर अमादा थे। किसी तरह पुलिस ने हालात काबू किया। वे अस्पताल प्रशासन पर हत्या करने का आरोप लगा रहे थे।

रात्रि की ड्यूटी थी

सरधना के जंगेठी गांव निवासी 50 वर्षीय ब्रजभूषण पुत्र रघुवीर सुशीला जसवंत राय अस्पताल में पिछले दस वर्षो से सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी कर रहे थे। वे पिछले वर्ष ही परमानेंट हुए थे। उनके परिवार पत्‍‌नी और दो बेटे 18 वर्षीय अक्षय व 16 वर्षीय रुपेश है। शनिवार को उनकी अस्पताल में रात साढ़े सात बजे से सुबह 8 बजे तक ड्यूटी थी। वह रविवार सुबह सवा चार बजे तक सीसीटीवी में नजर आए, लेकिन उसके बाद गायब हो गए। कुछ देर बाद उनकी खोजबीन शुरू हो गई। काफी देर बाद हॉस्पिटल के ही स्टाफ ने उनकी लाश को पार्किंग एरिया के पिछले हिस्से के सुनसान जगह पर मिली। शव मिलने के बाद पूरे हॉस्टिपल में हड़कंप मच गया।

हॉस्पिटल में हुई मारपीट

ब्रजभूषण की मौत की सूचना मिलते ही उनके परिजन हॉस्पिटल पहुंच गए। वहां पहुंचते ही वे हंगामा पर उतारू हो गए। हॉस्पिटल में मौजूद दो अन्य गार्डो की उन्होंने पिटाई शुरू कर दी। मृतक के दो भतीजों ने एक गार्ड को तो खींच कर पिटाई की उसके कपड़े तक फाड़ दिए। यह देख हॉस्पिटल का बाकी स्टाफ भाग खड़ा हुआ। मौके पर मौजूद सीओ बीएस वीर कुमार ने उन्हें बहुत समझाने की कोशिश की।

कौन सा होता था गंदा काम

ब्रजभूषण के परिजनों ने हॉस्पिटल में कोई गलत काम होने का आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि कुछ न कुछ गंदा काम तो होता ही था जिसका ब्रजभूषण ने विरोध किया होगा। बाद में उसकी हत्या कर दी गई होगी। वे हॉस्पिटल प्रशासन पर हत्या करने का आरोप लगा रहे थे। जब ब्रजभूषण की लाश मिली तब उसके मुंह पर टेप जड़ा था और हाथ-पांव बांधे हुए थे। उसके शरीर पर जख्म के निशान थे। ऐसा प्रतीत हो रहा था कि पहले तो उसको बंधक बनाया गया फिर उसकी पिटाई करने के बाद हत्या कर दी गई।

पहुंचा दिया पोस्टमार्टम हाउस

परिजनों के गुस्से का पारा और चढ़ गया क्योंकि उनके आने से पहले ही हॉस्पिटल प्रशासन और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रवाना कर दिया। हॉस्पिटल में पुलिस ने किसी तरह मामला शांत किया। वे मुआवजे की मांग करने लगे और हॉस्पिटल प्रशासन पर हत्या का मुकदमा दर्ज कराने की मांग करने लगे। इसको लेकर उन्होंने रोड जाम करने का भी प्रयास किया।

यह जांच का विषय है। प्रथम दृष्टिया यही लग रहा है कि हत्या परिसर में ही की गई है और हॉस्पिटल में से कोई मिला हुआ है। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।

- बीएस वीर कुमार, सीओ, सिविल लाइंस