- अफसरों ने घायल दीवान को जिला अस्पताल में भर्ती कराया

Meerut : राजकीय बाल संप्रेक्षण गृह (किशोर) में किशोरों का बवाल रुकने का नाम नहीं ले रहा है। पुलिस ने किशोरों के लिए नशीली वस्तु पर रोक लगाई तो उत्तेजित होकर छत से पुलिस पर पथराव कर दिया, जिसमें एक दीवान लहूलुहान हो गया है। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में बड़ी संख्या में पुलिस बल लगाकर किशोरों को शांत किया गया है। पुलिस ने 20 किशोरों के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज किया है।

मुलाकातियों की तलाशी

नौचंदी के सूरजकुंड स्थित राजकीय बाल संप्रेक्षण गृह (किशोर) में विभिन्न जनपदों के 116 किशोर रखे हुए हैं। सोमवार से गृह में किशोर हंगामा कांट रहे हैं, जिसके चलते स्टाफ ने काम करना बंद कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, संप्रेक्षण गृह में किशोरों के लिए नशीली वस्तुएं पहुंचती हैं। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी लगाकर किशोरों के मुलाकातियों की तलाशी लेकर ही अंदर प्रवेश दिया जा रहा है। वहीं स्टाफ ने भी शराब और बीड़ी तक देनी बंद कर दी है। इसको लेकर किशोरों ने शाम को संप्रेक्षण गृह में हंगामा कर दिया।

पुलिसकर्मी भी भाग खड़े हुए

पुलिस ने किशोरों ने समझाने की कोशिश की तो बड़ी संख्या में किशोर संप्रेक्षण गृह की छत पर चढ़ गए। उन्होंने छत से पुलिस पर पथराव कर दिया। नौचंदी थाने में तैनात दीवान बोहरन सिंह कनपटी पर पत्थर लगने से लहूलुहान होकर गिर पड़े। साथी पुलिसकर्मियों ने बमुश्किल उनको संभालकर जीप में बैठाया। कुछ समय के लिए पुलिसकर्मी भी भाग खड़े हुए थे। एसपी सिटी और सीओ फोर्स के मौके पर पहुंचे। सभी किशोरों को समझा-बुझाकर छत से नीचे उतार कर संप्रेक्षण गृह में भेजा। बता दें कि इससे पहले भी किशोर पथराव कर एक सिपाही की जान ले चुके हैं। इसके बाद भी पुलिस और प्रशासनिक अफसर ने सबक नहीं लिया है।

दो घंटे तक मचा बवंडर

दीवान के लहूलुहान होने से पहले संप्रेक्षण गृह में दो घंटे तक बवंडर मचा रहा। स्टाफ से किशोर बाजार से सामान मंगाने की मांग कर रहे थे। स्टाफ ने अंदर जाने से इन्कार कर दिया। बाद में एसपी सिटी ने किशोरों को समझाने के बाद छत से उतारा। किशोरों के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा नौचंदी थाने में दर्ज किया गया है।

छत पर ईट एकत्र कर रखी थी

सीसीटीवी कैमरे से देखा गया कि किशोरों ने छत पर ईट एकत्र की हुई थी। पुलिस सीसीटीवी की फुटेज देखकर संप्रेक्षण गृह के समीप पहले ही जाने से डर रही थी। किशोर कई दिन से पथराव करने के मूड में दिखाई दे रहे थे।