- दुष्कर्म का प्रयास करने पर दिया वारदात को अंजाम

- सुबह मेडिकल थाना पहुंचकर बेटियों ने किया सरेंडर

- मृतक की पत्‍‌नी छह साल के पुत्र के साथ फरार

Meerut: मेडिकल थाना क्षेत्र की राजनगर कालोनी में बीती रात छेड़छाड़ से तंग आकर दो सगी बहनों ने पिता की हथौडे़ से पीट-पीटकर हत्या कर दी। हत्या को अंजाम देकर दोनों बहनों ने मेडिकल थाने में जाकर सरेंडर कर दिया। उसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। घटना के बाद मृतक की पत्‍‌नी अपने 6 वर्षीय पुत्र को लेकर फरार हो गई। लड़कियों का आरोप है कि मृतक पिता रोजाना शराब पीकर घर आता था। नशे में धुत होकर वह उनके साथ छेड़छाड़ करता था। सब्र का पैमाना बढ़ने पर उन्होंने वारदात को अंजाम दिया।

किराए के मकान में रहता था

बुंदेलखंड के जनपद हमीरपुर क्षेत्र के गांव जंधरी निवासी 48 वर्षीय करन पुत्र मुरली परिवार के साथ राजनगर की गली नंबर-2 में रहता था। तीन वर्ष पूर्व उसने राम निवास पुत्र कालू से मकान किराए पर लिया था। करन के परिवार में उसकी पत्‍‌नी संतोष के अलावा 18 वर्षीय पुत्री राधा, 16 वर्षीय रोशनी तथा 6 वर्षीय पुत्र हैं। करन राज मिस्त्री था।

अलसुबह पहुंची थाने

शुक्रवार सुबह चार बजे के आस-पास करन की दोनों पुत्रियां मकान मालिक राम निवास और लोगों के साथ थाने पहुंची। लड़कियों ने बताया कि उन्होंने अपने पिता का कत्ल कर दिया है। यह सुनते ही पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। एसओ ने बताया कि वे फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे।

खून से लथपथ पड़ा था

कमरे में फर्स पर लहुलुहान अवस्था में करन का शव पड़ा था। पास में ही आला कत्ल हथौड़ा भी पड़ा था। सिर में हथौड़ा मारकर ही करन की हत्या की गई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पत्‍‌नी पुत्र को लेकर फरार

एसओ ने बताया कि करन की पत्‍‌नी संतोष अपने पुत्र को लेकर फरार हो गई है, जिसको तलाशा जा रहा है। लड़कियों से भी पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में छेड़छाड़ के कारण ही करन की हत्या सामने आ रही है।

इंसान नहीं हैवान था उनका पिता

मेडिकल थाने के गढ़ रोड स्थित राजनगर कालोनी में अपने पिता को मौत के घाट उतारने वाली बेटी राधा व रोशनी का कहना है कि उनका पिता करन आदमी की शक्ल में हैवान था। वह अपनी बेटियों पर हमेशा गंदी नजर रखता था। उसने कई बार रात के अंधेरे में दुष्कर्म करने का प्रयास किया था।

हादसे का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही घटना के अन्य पहलुओं पर भी जांच चल रही है।

रविन्द्र वशिष्ठ, एसओ मेडिकल थाना