मेरठ (ब्यूरो)। गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। आंकड़ों के मुताबिक पिछले 42 सालों में अधिकतम तामपान कभी 41 डिग्री सेल्सियस तक गया ही नहीं। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों तापमान तेजी से बढ़ेगा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मई में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है।

सामान्य से अधिक तापमान
18 अप्रैल को ही अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो सामान्य की तुलना में तीन डिग्री अधिक था। वहीं न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो समान्य की तुलना में दो डिग्री अधिक रहा।

औसत तापमान 38.4 डिग्री
आंकड़ों की बात करें तो एक से 18 अप्रैल 2022 तक अधिकतम औसत तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। जबकि वर्ष 2021 अप्रैल के पहले सप्ताह में अधिकतम औसत तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था। इससे पहले वर्ष 2016 में 36.4 डिग्री सेल्सियस और वर्ष 2000 में अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं 42 साल पहले वर्ष 1980 में अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री दर्ज किया गया था।

28 से 29 डिग्री सेल्सियस
यूं तो इस वर्ष अप्रैल में अधिकतम तापमान ने बीते 42 सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। लेकिन बात अप्रैल 2008 और अप्रैल 2015 की करें तो अधिकतम औसत तापमान क्रमश: 28 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया था। 42 सालों में इससे कम अधिकतम तापमान कभी रहा ही नहीं।

माह के अंत तक 42 डिग्री
भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान संस्थान मोदीपुरम के मौसम वैज्ञानिक डॉ। एएन सुभाष ने बताया कि पिछले 42 वर्षों में अप्रैल माह में 41 डिग्री सेल्सियस तापमान कभी दर्ज ही नहीं किया गया। उन्होंने बताया कि सप्ताह के अंत तक यह अधिकतम तापमान 42 डिग्री के पार जा सकता है।

मई में 45 डिग्री
गर्मी के हालात को देखते हुए मौसम वैज्ञानिक डॉ। एएन सुभाष ने बताया है कि मई माह के पहले सप्ताह में अधिकतम तापमान 44 डिग्री और दूसरे सप्ताह की शुरूआत में 45 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है। गौरतलब है कि मौसम विभाग ने मई में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी की संभावना पहले से ही दर्शा दी है।