आई एक्सक्लूसिव

- पांच माह में हो गई 73 हत्याएं, वेस्ट यूपी में बुलंदशहर दूसरे नंबर पर

- गाजियाबाद बनी अपहरण नगरी, लूट में भी दूसरे नंबर पर है हम

आई एक्सक्लूसिव

अखिल कुमार

Meerut: वेस्ट यूपी में मेरठ में सर्वाधिक हत्याएं हुई हैं, ये हम नहीं आंकड़े कह रहे हैं। जनवरी से मई 2016 के बीच मेरठ में सर्वाधिक 73 हत्याएं हुई तो बुलंदशहर दूसरे नंबर पर है। यहां पांच माह में 50 हत्याएं हुई। गाजियाबाद अपहरण के मामले में नंबर वन है तो वहीं मेरठ में लूट की घटनाएं दूसरे स्थान पर हैं। चौंकाने वाला तथ्य यह भी है कि वेस्ट यूपी में क्राइम के ग्राफ में 11.22 फीसदी का इजाफा हुआ है।

हर दूसरे दिन एक 'मर्डर'

पांच माह में सर्वाधिक 73 हत्याएं मेरठ में हुई हैं तो वहीं बुलंदशहर दूसरे स्थान पर है, यहां 50 हत्याएं हुईं हैं। गाजियाबाद में 44 हत्याएं हुई तो वहीं चौथे स्थान पर रहे गौतमबुद्धनगर में 43 हत्या की वारदातें हुई हैं। बागपत में 31 तो मंडल में सबसे कम हत्याएं हापुड़ (23) में हुई हैं। डकैती की सर्वाधिक 3 वारदातें गाजियाबाद में हुई हैं जबकि मेरठ में पांच माह में दो बड़ी डकैती की वारदातें हुई हैं। लूट के मामले में गौतमबुद्धनगर अव्वल है, यहां सर्वाधिक 85 घटनाएं पांच माह में हुई तो लूट की 59 वारदातों के साथ मेरठ दूसरे नंबर पर है। वाहन चोरी में गाजियाबाद के बाद मेरठ का नाम है तो चोरी की घटनाएं भी मेरठ में गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर के बाद मेरठ में होती हैं। दुष्कर्म के 22 मामले पांच माह में रजिस्टर हुए हैं।

वाहन चोरी, दुष्कर्म बढ़ा

मेरठ मंडल के छह जनपदों में क्राइम का ग्राफ गत वर्ष से बढ़ा है। आंकड़ों के मुताबिक गत वर्ष (2015) में जनवरी से मई माह के बीच छहों जनपदों में वारदातों की संख्या 13966 थी जो इस वर्ष बढ़कर 15532 (जनवरी से मई के बीच) हो गई है। 1566 वारदातें बढ़ीं हैं। यह इजाफा 11.22 प्रतिशत है। वर्ष 2014 में इस अवधि के बीच 13997 अपराध घटित हुए थे। गत तीन वर्षो के सापेक्ष मेरठ मंडल में चोरी, दुष्कर्म और वाहन चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं।

अवैध संबंध सबसे बड़ी वजह

सर्वाधिक चौंकाने वाला तथ्य यह है कि मेरठ में हत्या के 50 फीसदी से अधिक मामलों में वजह अवैध संबंध निकलकर आया है। प्रॉपर्टी को लेकर हत्या दूसरे नंबर पर है तो वहीं लूट और डकैती के इरादे से की गई हत्या के प्रकरण तीसरे स्थान पर हैं। क्रमिनल लॉयर अनिल बख्शी ने बताया कि अपराध के आंकड़े बेहद चौंकाने वाले हैं। मेरठ में सेक्सुअल बेसड् मर्डर की घटनाओं में इजाफा हुआ है।

जनपद हत्या वाहन चोरी चोरी अपहरण दुष्कर्म लूट डकैती

मेरठ 73 1100 1403 109 22 59 2

गाजियाबाद 44 1373 1704 208 59 43 3

बुलंदशहर 50 300 467 109 36 31 2

गौतमबुद्धनगर 43 979 1499 106 29 85 1

बागपत 31 59 126 39 16 14 1

हापुड़ 23 123 184 46 25 34 0

नोट: वेस्ट यूपी के इन जनपदों के अपराधों का रिकार्ड जनवरी 2016 से मई 2016 के बीच का है, डाटा पुलिस विभाग से मिले हैं।

मेरठ समेत मंडल के विभिन्न जनपदों में अपराधों में बड़ा इजाफा हुआ है। यह गए गंभीर विषय है। समीक्षा बैठक में सभी जनपदों के एसएसपी को निर्देश दिए गए हैं कि वे क्राइम कंट्रोल करें। पुलिसिंग बढ़ाएं और हिस्ट्रीशी‌र्ट्स पर नजर रखें।

-आलोक सिन्हा, कमिश्नर, मेरठ मंडल