अध्यक्ष पद पर निर्दोष गुप्ता और उनके पैनल ने जीते 10 पद

शारदा रोड व्यापार एसोसिएशन का चुनाव उत्साह के बीच हुआ संपन्न

कुलदीप गुप्ता पैनल सिर्फ तीन पदों पर जीता

Meerut। शारदा रोड व्यापार एसोसिएशन का चुनाव गहमागहमी और उत्साह के माहौल में बुधवार को संपन्न हुआ। मुकेश अग्रवाल पैनल ने अध्यक्ष, महामंत्री, कोषाध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष और संगठन मंत्री जैसे महत्वपूर्ण पदों पर जीत हासिल की। उनके प्रतिद्वंदी और निवर्तमान अध्यक्ष कुलदीप गुप्ता पैनल को एक उपाध्यक्ष और दो मंत्री पदों पर विजय मिली। 13 पदों के लिए 26 उम्मीदवार मैदान में थे।

दिखा उत्साह

शारदा रोड व्यापार संघ के लिए मतदान प्राथमिक विद्यालय में संपन्न हुआ। दोनो पैनल की ओर स्टाल लगाया गया था। आसपास का क्षेत्र बैनर और पोस्टरों से पटा रहा। समर्थक पंपलेट बांट कर प्रचार करते देखे गए। 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक हुए मतदान में 111 में से 110 व्यापारियों ने वोट डाला। श्रंगार महल के नाम पर दो वोट होने पर कुलदीप गुप्ता ने विरोध जताया। जिसको लेकर नोंकझोंक भी हुई।

16 वोट से जीते

अध्यक्ष और महामंत्री पद के लिए तीन तीन दावेदार थे। अध्यक्ष पद पर निर्दोष गुप्ता ने 16 मतों से जीत हासिल की। उनके प्रतिद्वंदी कुलदीप गुप्ता को 41 वोट मिले। महामंत्री पद पर मनोज जैन को 57 और पंकज गर्ग को 38 वोट मिले। मतदान के लिए अलग अलग बूथ बनाए गए थे। चुनाव संपन्न कराने के लिए नीरज त्यागी, राजीव गुप्ता काले, अंकित गुप्ता, अंकुर गोयल समेत 10 लोगों की टीम मुस्तैद रही। नवनिर्वाचित अध्यक्ष निर्दोष गुप्ता ने बताया कि बाजार में कैमरे लगवाए जाएंगे। बाजार को साफ सुथरा और जाम मुक्त बनाने का प्रयास किया जाएगा।

यह प्रत्याशी जीते

अध्यक्ष - निर्दोष गुप्ता

महामंत्री - मनोज जैन

कोषाध्यक्ष - मनोज गर्ग

वरिष्ठ उपाध्यक्ष - मुकेश अग्रवाल

उपाध्यक्ष - विवेक अग्रवाल, संजय अरोड़ा

संगठन मंत्री - दीपांशु वर्मा

प्रचार मंत्री - दीपक गर्ग

मंत्री - पंकज मित्तल, मनी गुप्ता, दीनू, गौरव, राजेश