मेरठ (ब्यूरो)। पैरों में छाले, घुंघुरुओं की छन-छन के साथ अपने गंतत्व की ओर बढ़ते कदम, कंधे पर झूलती कांवड़, चेहरे पर बम भोले का जयघोष, लालसा बस यही कि अपने आराध्य का जलाभिषेक गंगाजल से करें। जी हां, कुछ ऐसा ही नजारा है कांवड़ यात्रा का। एनएच-58 पर कांवडिय़ोंं का सैलाब भोलेनाथ के जयघोष के साथ आगे बढ़ रहा है। केसरिया रंग से समूचा एनएच- 58 भरा पड़ा है।

आगे बढ़ रहे कांवडिय़ा
हरिद्वार से कांवडि़ए जल लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ चुके हैं। राजस्थान, दक्षिण भारत के कांवडि़ए धीरे-धीरे अपने गंतव्य की ओर बढ़ चुके हैं। अब हाईवे पर दिल्ली, हरियाणा से लेकर आसपास के राज्यों के कांवडि़ए गुजर रहे हैं। जो शिवरात्रि तक अपने गंतव्य तक पहुंच जाएंगे। इस बार कांवड़ देशभक्ति का संदेश भी दे रही है।

भगवा रंग में रंगा है सैलाब
कांवडिय़ों के उमड़ते सैलाब से हाईवे भी भगवा रंग में रंगा नजर आ रहा है। बोल बम बम बम के जयकारों के साथ समूचा हाईवे गूंज रहा है। वहीं, इन सबके बीच मोदी, योगी के नाम के नारे भी लगाए जा रहे हैं। हरिद्वार से दिल्ली तक हाईवे अब पूरी तरह कांवडिय़ों के हवाले हैं। कांवड़ से शिवभक्ति के साथ देशभक्ति, सामाजिकता, सनातन भक्ति के संदेश भी दिए जा रहे हैं।

देशभक्ति के रंग भी दिख रहे
कांवडि़ए कंधे पर जल लेकर चल रहे हैं। कांवड़ में तिरंगा झंडा लगाया है। कंधे पर जल के साथ तिरंगा झंडा भी है। कई कांवडि़ए फौजियों के वेश में कांवड़ लेकर आ रहे हैं। जल के कलश को तिरंगे झंडे से लपेटकर देशभक्ति का संदेश दे रहे हैं। बड़ी कांवड़, ट्रक और ट्रैक्टर वाली कांवड़ में तिरंगे झंडे सजाए गए हैं। भगवान भोलेनाथ के आसपास तिरंगा झंडा लगाया गया है। डीजे पर बजने वाले गीतों में भी देशभक्ति की झलक दिख रही हैं। गानों के बीच में भारत माता की जय, हिंदुस्तान जिंदाबाद के नारे भी गूंज रहे हैं।

कांवडिय़ों की सेवा के लिए शिविर शुरू
महामना मालवीय मिशन मेरठ द्वारा जेलचुंगी पर बुधवार को कांवडिय़ों के सेवार्थ के लिए तनु वैष्णव भोजनालय चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। कैंप में मेडिसन, इमरजेंसी, एम्बुलेंस, डाक्टर की व्यवस्था की गई है। शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि मेडिकल कालेज प्राचार्य डा। आरसी गुप्ता और विशिष्ट अतिथि मुख्य चिकित्साधिकारी डा। अखिलेश मोहन ने किया। इस अवसर पर मिशन के समस्त सदस्य उपस्थित हुए। इस अवसर पर मुख्य अतिथि डा आरसी गुप्ता ने कहा की महामना मालवीय ने विश्व प्रसिद्ध बनारस हिंदू विश्वविद्यालय की स्थापना की।

सभी वर्गों का उत्थान
उन्होंने बताया कि महामना मालवीय मिशन सभी वर्गों के उत्थान के लिए अग्रसर है और मालवीय के विचारों का प्रचार- प्रसार करने मे अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। महामना मालवीय मिशन के अध्यक्ष ई। मुनीश कुमार ने बताया की मिशन की स्थापना महामना मालवीय मिशन द्वारा कराये जा रहे सामाजिक कार्यों से ओत-प्रोत हो कर की गयी थी। मेरठ शाखा की स्थापना से अब तक मिशन द्वारा प्रत्येक वर्ग के उत्थान, स्वास्थ्य व शिक्षा पर लगातार कार्य किया जा रहा है।

ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में ई सतीश चंद्रा, महेश चंद्रा, ई आर डी अग्रवाल, ई एन एस चौहान, ई ओ पी शर्मा, आर के अग्रवाल, ई प्रवीन कुमार, ई विनय मित्तल, मुकुल सिंगल, डॉ अंशु मित्तल, ई ऐ के वर्मा, डॉ नीरज सक्सेना, डॉ राजीव अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।

शिविर में भोलों की सेवा की
शिवभक्त कांवड़ सेवा समिति की ओर कांवडिय़ों की सेवा के लिए शिविर लगाया गया है। इस दौरान भोले के भक्तों को चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।