मेरठ (ब्यूरो)। एनवायरमेंट क्लब की ओर विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस पर पौधरोपण किया गया। यह कार्यक्रम सरस्वती लोक कॉलोनी में हुआ। 'चलो मिलकर एक पौधा रोपे' अभियान के तहत संस्था के सदस्यों ने 15 पौधे रोपे। इनमें अमरूद, कनेर, आंवला, पापड़ी, जामुन आदि के पौधे थे। इस मौके पर समन्वयक अनिरुद्ध पुंडीर ने पौधरोपण का महत्व बताया।

जरूर करें पौधरोपण
उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे का मानव जीवन में बड़ा महत्व है। ये हमें न सिर्फ ऑक्सीजन देते हैं, बल्कि तमाम प्रकार के फल-फूल, जड़ी बूटियां और लकडिय़ां भी देते हैं। उन्होंने कहा कि घर के आसपास पौधरोपण करने से गर्मी, भूरक्षण, धूल आदि की समस्या से बचा जा सकता है। इसलिए अपने घर के आसपास पौधरोपण अवश्य करें।

टीम के सदस्यों ने ली शपथ
कार्यक्रम में क्लब टीम ने लगाए पौधों के संरक्षण की शपथ भी ली। संस्थापक सावन कनौजिया ने सभी को प्रकृति संरक्षण में पेड़ों की भूमिका बताई, कहा कि पेड़ों से पर्यावरण शुद्ध होता है। प्रकृति में तमाम जीव-जंतुओं का जीवन पेड़-पौधों पर ही निर्भर है, इसलिए जितना जरूरी पौधों को लगाना है उतना ही जरूरी उन्हें बचाना भी है। उन्होंने कहा कि पौधे लगाने से हमारा पर्यावरण सुरक्षित रहता है। इसके साथ ही हमें ऑक्सीजन मिलती है।

वातावरण पॉजिटिव रहेगा
उन्होंने कहा हरियाली से हमें बहुत ही फायदा है, इसलिए पौधे अवश्य लगाए। देवांक ने कहा कि पौधे लगाने से ही नहीं काम चलेगा, बल्कि पौधे लगाने से हमारे आसपास का वातावरण पॉजिटिव बनता है, अगर आसपास का वातावरण पॉजिटिव होगा तो यकीनन हमारी सोच में भी परिवर्तन होगा।

ये लोग रहे मौजूद
उन्होंने कहा कि पौधे लगाकर उनको सुरक्षित रखने तक का सफर जो निभाता है, वहीं वास्तव में प्रकृति के प्रति अपनी सही जिम्मेदारी निभा रहा है। इसलिए हमें पौधों को सुरक्षित रखने में सहयोग करना होगा। इस मौके पर क्लब संस्थापक सावन कन्नौजिया, देवांक, निकिता जैन, हर्ष राय, हरमेश, अंशिका, साक्षी वर्मा, पीयूष शर्मा, हिमांशु, अनिरुद्ध मौजूद रहे।