अपहरण केस में छापा

दिल्ली के एक व्यापारी के अपहरण मामले में दिल्ली की स्पेशल क्राइम ब्रांच टीम शनिवार की दोपहर थाने पहुंची। जहां थाने से पुलिस को साथ लेकर मढिय़ाई गांव में छापा मारा। पुलिस के अनुसार इस गांव में अपहरण केस से संबंधित एक आरोपी की दिल्ली पुलिस को तलाश है। मगर आरोपी का सुराग नहीं लग पाया। पुलिस के साथ अपहरण का शिकार व्यापारी भी मौजूद रहा।

एक अपहरणकर्ता गिरफ्त में

पुलिस सूत्रों का कहना है कि दिल्ली से एक व्यापारी का अपहरण हुआ था। इसे बंधक बनाकर मढिय़ाई गांव में रखा गया था। पुलिस ने व्यापारी को दिल्ली से बरामद कर लिया था और साथ ही एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया था। पकड़े गए अपहरणकर्ता से पूछताछ पर मढिय़ाई के एक युवक का इस अपहरण में शामिल होना बताया गया था। जिसको लेकर दिल्ली पुलिस यहां पहुंची थी।

विधायक की पत्नी हत्याकांड का मेरठ लिंक

बुलंदशहर के विधायक हाजी अलीम की पत्नी रेहाना की नौ अक्टूबर को दिल्ली के न्यू जाफराबाद स्थित उनके फ्लैट में चाकुओं से गोदने के बाद गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में दिल्ली के वेलकम थाने में केस दर्ज किया गया है। एसओ लिसाड़ी गेट रवेंद्र कुमार के अनुसार शुक्रवार की रात दिल्ली पुलिस की स्पेशल ब्रांच लिसाड़ी गेट थाने पहुंची थी।

विकासपुरी में छापा

दिल्ली पुलिस ने थाने में संपर्क करने के बाद विकासपुरी में रहने वाले आरिफ पुत्र निजाम के घर दबिश दी। काफी देर तक पूछताछ करने के बाद पुलिस आरिफ को अपने साथ ले गई। बताया गया कि आरिफ विधायक की दूसरी पत्नी कमरजहां के बेटे दानिश का दोस्त है। पुलिस को आरिफ के एक और दोस्त की तलाश है, जो मेरठ का रहने वाला है। एसओ का कहना है कि वेलकम पुलिस ने यहां छापा मारा था और वह आरिफ नाम के युवक को लेकर गई है। आरिफ और उसके दोस्त से मर्डर स्थल के कई बिंदु कनेक्ट हो रहे हैं। दिल्ली पुलिस कई और जगहों पर भी इस हत्याकांड से संबंधित लोगों की छानबीन करने में जुटी है।