मेरठ (ब्यूरो)। मेरठ कॉलेज में छात्र कल्याण परिषद के तत्वावधान में मंगलवार को कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अमृत महोत्सव श्रृंखला के अंतर्गत मूट कोर्ट में इंडिया 75 विषय पर व्याख्यान का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य वक्ता सीसीएस यूनिवर्सिटी में राजनीति विभाग के प्रो.पवन शर्मा ने कहा कि भारत देश विकसित राष्ट्रों के बीच आज विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाने में कामयाब हुआ है।उन्होंने कहा कि भारत के विकास में संतों की महती भूमिका रही है। संतों ने ही भारत की परम्पराओं को संस्कृति को जीवित रखा है, उन्होंने ही अपने व्यख्यान के माध्यम से व विभिन्न माध्यमों से भारत को पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इसलिए हमें संतों की महत्ता को समझना होगा। उन्होंने कहा वहीं दूसरी ओर डॉ। भीमराव आंबेडकर, चौधरी चरण सिंह एवं पंडित दीन दयाल उपाध्याय आदि समेत अन्य विचारकों ने भी समाज को दिशा दी।

अभी बहुत संघर्ष है बाकी : प्रो। अंजलि
कॉलेज की प्रिंसिपल प्रो.अंजलि मित्तल ने कहा कि भारतवर्ष ने कई पड़ाव पार करके मौजूदा मुकाम हासिल किया है। हालांकि विकसित राष्ट्रों की कतार में खड़ा होने के लिए अभी बहुत संघर्ष करना बाकी है। जो करने में हम सभी को योगदान देना होगा। अधिष्ठाता प्रो। सीमा पंवार ने कहा कि समृद्धशाली राष्ट्र निर्माण की सतत प्रक्रिया जारी रहनी चाहिए। इससे युवा पीढ़ी को संस्कारवान बनाने और देश की उन्नति में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि युवाओं को संस्कारवान बनाना परिवार वालों की जिम्मेदारी भी बनती है, उनको चाहिए कि वो बच्चों को बचपन से ही संस्कार दें, धर्म से संस्कृति से जोड़े ताकि युवा अवस्था तक वो संस्कारवान बने। इसके पश्चात उन्होंने कार्यक्रम में शामिल शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्र छात्राओं का आभार जताया।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
इस अवसर पर मुख्य नियंता प्रो। वीरेंद्र सिंह, प्रो। कपिल कुमार, प्रो। सतीश कुमार, प्रो। निशा मनीष, प्रो। मनोज सिवाच, डॉ। कल्पना मित्तल, डॉ। मोनिका शर्मा, डॉ। विनय आर्य आदि समेत छात्र छात्राएं मौजूद रहे। वहीं कार्यक्रम का संचालन प्रो। संगीता उपाध्याय ने किया।