- लंबे रास्ते की बसों में ड्राइवर के पीछे की सीट होगी आरक्षित

-परिवहन आयुक्त ने सभी आरएम को सर्कुलर जारी कर दिए निर्देश

Meerut: महिलाओं के लिए खुश खबरी है। अब यूपीएसआरटीसी ने महिलाओं का सम्मान और बढ़ा दिया है। महिला के बस में चढ़ते ही पुरुषों को महिला आरक्षित सीट तत्काल खाली करनी पड़ेगी। ऐसा नहीं करने पर कंडक्टर स्वयं सीट खाली कराएंगे। नई व्यवस्था को लागू करने के लिए परिवहन आयुक्त ने सभी आरएम व एआरएम को सर्कुलर जारी कर नए आदेश लागू करने के निर्देश दिए हैं।

ये है नई व्यवस्था

पहले अपनी सीटों पर पुरुषों को बैठा देख महिलाओं को खड़े-खड़े ही सफर करना पड़ता था। या फिर किसी पुरुष की सहानुभूति का उन्हें अहसानमंद होना पड़ता था। लेकिन अब महिला को आते ही उसकी सीट पर बैठे पुरुष सीट छोड़नी होगी। यदि पुरुष सीट नहीं छोड़ता, तो कंडक्टर को तुरंत सीट खाली करानी होगी। अन्यथा बस में लिखे नंबर पर शिकायत के बाद संबंधित ड्राइवर और कंडक्टर पर कार्रवाई की जाएगी।

महिला आरक्षित लिखा होना जरूरी

लखनऊ से जारी सर्कुलर में यह भी स्पष्ट है कि ड्राइवर के पीछे वाली सीट के पीछे प्रत्येक बस में महिला आरक्षित सीट लिखा होना भी जरूरी है। इसके लिए काम शुरू कर दिया गया है।

क्या कहना है इनका

-जो लोग अच्छे होते हैं वो वह महिलाओं को खड़ी देखकर सीट छोड़ देते हैं। लेकिन कुछ लोग कहने पर भी सीट से नहीं उठते। सीट को लेकर कई बार मेरे साथ नोकझोंक हो चुकी है।

-आकांक्षा, महिला यात्री

सिटी बसों में कहने के बाद भी महिलाओं की सीट पर लड़के कब्जा जमाए रखते हैं। कंडक्टर से कहने पर भी हेल्प नहीं मिलती।

-सतनाम, महिला यात्री

मेरठ में सिटी बसों सहित 500 से ज्यादा रोडवेज बस चलती हैं। जिनमें रोजाना 1000 से ज्यादा महिलाएं सफर करती हैं। नई व्यवस्था लागू करने से महिलाओं को काफी हद तक सुविधा मिलेगी।

-बीपी अग्रवाल, एआरएम