मेरठ (ब्यूरो)। शहर की सड़कों पर जाम सबसे बड़ी समस्या है। चौराहों पर बेतरतीब तरीके से दौड़ते वाहन ट्रैफिक को मुश्किल बना देते हैं। इससे अक्सर 10 मिनट के सफर में ही आपके 50 मिनट व्यतीत हो जाते हैं। शहर के बेगमपुल, हापुड़ अड्डा, बागपत अड्डा, सेंट्रल मार्केट, सोहराब गेट, घंटाघर आदि इलाकों में जाम रोजाना की समस्या है। हालांकि, जाम से निपटने के लिए ट्रैफिक पुलिस की ओर कई कवायद की गई। बावजूद इसके, सड़कों पर अतिक्रमण और दौड़ते ई रिक्शा और ऑटो जाम का कारण बनते हैं। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट ने एक सर्वे के माध्यम से जाम की समस्या पर शहरवासियों की राय ली।

सोशल मीडिया पर रखी राय
इस सर्वे के दौरान शहरवासियों ने सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों पर अपनी राय रखी। तकरीबन 300 लोगों ने शहर में लगने वाले जाम की समस्या को दूर करने के लिए सुझाव भी रखे। शहरवासियों ने कहा कि जाम की समस्या को दूर करने के लिए प्रशासन को एक सार्थक अभियान चलाने की जरूरत है। शहर में मेन रोड पर ही लोग जाम से रोजाना दो चार होते हैं। वहीं, बाजारों की हालत तो और ज्यादा खराब है।

पार्किंग न होने से बढ़ी समस्या
सर्वे के दौरान करीब 83 फीसदी लोगों ने कहा कि शहर में पार्किंग न होने से सबसे ज्यादा जाम लगता है। खासतौर पर बाजारों में तो समस्याएं और बढ़ जाती हैं। खैरनगर, सर्राफा बाजार, वैली बाजार आदि में तो वाहन लेकर निकलना मुश्किलों से कम नहीं है। ऐसे में जब तक पार्किंग की समस्या को दूर नहीं किया जाएगा तब तक हालात में सुधार नहीं हो सकता है।

क्या शहर में जाम लगने का कारण ई रिक्शा हैं
हां- 85 फीसदी
नहीं- 10 फीसदी
पता नहीं- 5 फीसदी

क्या शहरवासी ही ट्रैफिक नियमों का पालन करने में लापरवाही बरतते हैं
हां- 79 फीसदी
नहीं- 11 फीसदी
पता नहीं- 10 फीसदी

क्या पार्किंग की व्यवस्था न होने से जाम की समस्या बढ़ती है
हां- 83 फीसदी
नहीं- 10 फीसदी
पता नहीं- 7 फीसदी

क्या सड़कों पर अतिक्रमण के कारण जाम की समस्या बढ़ गई है
हां- 69 फीसदी
नहीं- 21 फीसदी
पता नहीं- 10 फीसदी

(नोट- सर्वे के दौरान शहरवासियों से फेसबुक, व्हाट्सऐप और ट्विटर के जरिए सवाल पूछे गए थे।)

पार्किंग की समस्या और बढ़ते वाहन जाम का मुख्य कारण हैं। सड़कों पर अतिक्रमण होने से सड़कों की चौड़ाई छोटी हो गई है। इससे हर चौराहे पर वाहन चालकों को जाम से जूझना पड़ता है।
रमन ढींगरा

शहर में बेतरतीब तरीके से दौड़ते ई-रिक्शा भी जाम का मुख्य कारण हैं। सड़कों के किनारे खोमचे वालों के कारण भी जाम लग जाता है। ऐसे में इस समस्या को दूर करने के लिए पहल होनी चाहिए।
लोकेश चंद्रा

पार्किंग की सही व्यवस्था न होने से हर चौराहे पर जाम की स्थिति बन जाती है। अतिक्रमण के कारण सड़कें छोटी हो गई हैं। इस कारण वाहन चालक परेशान होते हैं।
पंकज त्यागी

अतिक्रमण के कारण सबसे ज्यादा जाम लगता है। कुछ दुकानदार तो दुकानों को बढ़ाकर सड़क तक ले आते हैं। इस कारण मुश्किल हो जाती है।
सलीम

प्रशासन की लापरवाही के कारण जाम लगता है। सड़कों पर अतिक्रमण, पार्किंग की सही व्यवस्था न होने से वाहन चालकों को परेशान होना पड़ता है। यह भी जाम का कारण बनता है।
सतीश शुक्ला

सड़कों पर ई-रिक्शा और टेंपों की अराजकता बनी रहती है। इसलिए हर चौराहे पर जाम लग जाता है। शहर की कोई भी सड़क ले लीजिए, आपको जाम जरूर मिलेगा।
मजहर राना