- काफी प्रयास के बाद भी शिनाख्त नहीं होने पर पुलिस ने शव मोर्चरी भेजा

Sardhana : सुरानी गांव के जंगल में मंगलवार सुबह एक युवक का शव रजवाहे में पड़ा देख ग्रामीणों में सनसनी फैल गई। उसके सिर में किसी धारदार हथियार से वार का निशान दिखाई दे रहा था। जिसके चलते आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कर शव रजवाहे में फेंक दिया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शिनाख्त कराने का प्रयास किया, मगर सफलता नहीं मिली। जिस पर शव मोर्चरी भेज दिया गया।

शव मिलने से हड़कंप

सुरानी के जंगल में रजवाहे में पुल के निकट मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने युवक का शव पड़ा देखा तो उनमें हड़कंप मच गया। उन्होंने पुलिस को फोन करके मामले की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव रजवाहे से निकलवाया। करीब 40 वर्षीय युवक के सिर में गहरी चोट का निशान दिखाई दे रहा था। जिससे लग रहा था कि किसी धारदार हथियार से हत्या कर उसका शव रजवाहे में फेंक दिया गया। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से युवक की शिनाख्त का प्रयास किया, मगर सफलता नहीं मिली। जिसके चलते शव को सील कर मोर्चरी भिजवा दिया गया। पुलिस का कहना है कि शव पीछे से बहकर यहां आया है। युवक की हत्या हुई है या कोई और कारण रहा, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ही चल पाएगा।