चौक के भुलेटन क्षेत्र में निर्माण करा रहे लोगों से वसूली को लेकर एक बदमाश ने गोलीबारी की जिससे सनसनी फैल गई। निर्माण करा रहे लोगों के पक्ष के लोग जुटे तो बदमाश भाग निकला। हमलावर के खिलाफ हत्या व लूट जैसे संगीन मामले दर्ज हैं। वहीं चौक पुलिस इससे अनभिज्ञता जता रही है। पिछले दिनों वसूली को लेकर इस बदमाश पर दूसरे पक्ष ने हमला भी किया था जिससे वह गंभीर रूप से घायल भी हुआ था। महीने भर अस्पताल में रहने के बाद उसे पुलिस ने जेल भेज दिया था। इधर जेल से निकलने के बाद वह फिर रंगदारी वसूली में सक्रिय हो गया। इसी क्रम में क्षेत्र में मकान का निर्माण करा रहे एक व्यक्ति के घर अपने तीन साथियों के संग पहुंचा। धमकी दी कि बिना रंगदारी दिए निर्माण नहीं करने देंगे। विवाद होने लगा कि इसी बीच उसने हवा में गोली चला दी। गोली चलते ही क्षेत्र में दहशत का माहौल कायम हो गया। उसके विरोध आसपास के लोग भी जुट गए।

ट्रक के धक्के से साइकिल सवार की मौत

सारनाथ के अकथा चौराहे के पास बुधवार की दोपहर बाद ट्रक के धक्के से साइकिल सवार अनिल प्रजापति (20 वर्ष) की मौत हो गई। हादसे की खबर लगते ही मजदूरी का काम करने वाले युवक के परिवार में कोहराम मच गया। गोइठहां निवासी युवक मजदूरी कर परिवार का जीवन यापन करता था। वह दोपहर टिफिन में खाना लेकर साइकिल से काम पर निकला था। उसी दौरान पहडि़या-बेला रोड पर ट्रक ने पीछे से धक्का मार दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। लोग उसे दीन दयाल अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मजदूर की जेब से एक पर्ची मिली जिस पर चौबेपुर निवासी उसके साथी का मोबाइल नंबर लिखा था। पुलिस ने उस नंबर पर कॉल किया तो उसकी शिनाख्त हुई। सूचना पाकर साथी व परिवार के लोग अस्पताल पहुंच गए थे