- दिल्ली विधानसभा इलेक्शन के रिजल्ट्स में आम आदमी पार्टी को मिले प्रचंड बहुमत का बनारस में दिखा असर

- AAP कार्यकर्ताओं ने ढोल-तासे की थाप पर झूमकर किया खुशी का इजहार

- शहर में कई जगह निकाले गये विजय जुलूस, 'भारत माता की जय' के नारों से गूंजा बनारस

VARANASI:

आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में प्रचंड बहुमत क्या हासिल किया इधर बनारस की सड़कों पर जश्न-ए-आम हो गया। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता खुशी से झूमते-झुमाते सड़कों पर उतर पड़े। केजरीवाल जिंदाबाद के नारों से शहर के चौराहे गूंजने लगे। ढोल-तासे की थाप ने जीत की खुशियों में उल्लास का रंग घोला। आम आदमी पार्टी के लीडर्स से लेकर कार्यकर्ता तक के चेहरे पर विजयी मुस्कान की रंगत बिखरती नजर आई। लड्डुओं का जो दौर शुरू हुआ तो एक पिटारी से होता हुआ सैकड़ों पिटारी तक जा पहुंचा।

गलियों से निकले, चौराहे पर पहुंचे

सुबह से ही लोग टीवी पर दिल्ली विधानसभा इलेक्शन के रिजल्ट्स पर नजरें गड़ाए बैठे थे। घर हो दुकान हो या फिर ऑफिस, हर कोई टीवी से पल-पल के रुझान की जानकारी ले रहा था। जैसे-जैसे रुझान आते गये आप समर्थकों का जोश बढ़ता गया। चैनलों ने शुरुआती रुझानों में ही आम आदमी पार्टी की बढ़त दिखा दी थी। भ्0 सीट से हुई शुरुआत का सिलसिला थमने का नाम ही नहीं ले रहा था। बस फिरा क्या था, कार्यकर्ता गली-मोहल्लों से निकले और चौराहे पर जा पहुंचे। आप की टोपियों और हाथों में झाड़ू लिए लोगों का जत्था सड़क पर झूमने लगा। गले मिलकर बधाइयां दी जाने लगीं। कुछ उत्साही कार्यकर्ता रंग गुलाल के रंग में रंगे दिखाई दिए। शहर के अलावा ग्रामीण इलाकों में भी आम आदमी पार्टी की प्रचंड बहुमत से हुई इस विक्ट्री का सेलिब्रेशन होता दिखाई दिया।

चंद्रशेखर आजाद का माल्यार्पण

आम आदमी पार्टी के जिला संगठन ने सभी कार्यकर्ताओं को लहुराबीर स्थित आजाद पार्क जुटने को कहा। दो बजे का समय निर्धारित था लेकिन उत्साही कार्यकर्ता दस बजे से ही वहां जुटने लगे थे। रंग गुलाल खेला गया। फिर समय बीतने के साथ ही लोगों का जुटान बढ़ता गया। देखते ही देखते हजारों की संख्या में आप सपोटर्स सड़क पर दिखने लगे थे। आप के डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर संजीव सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उसके बाद कार्यकर्ताओं के जोश ने डांस का रूप ले लिया। हर कोई जीत की खुशी से लबरेज झूम रहा था। आम आदमी पार्टी की महिला विंग भी जीत के जश्न में पूरी तरह से शामिल थी।

राष्ट्रवाद की दिखी झलक

जोश से लबरेज कार्यकताओं ने लहुराबीर से नेवादा स्थित पार्टी के अस्थाई कार्यालय तक जुलूस निकाला। पैदल, दुपहिया और चार पहिया वाहनों पर भारत माता की जय के नारे लगाते कार्यकर्ता नेवादा पहुंचे। तिरंगे की तासीर उनके जोश को कई गुना बढ़ा रही था। पार्टी कार्यालय पहुंच कर कार्यकर्ताओं के साथ समर्थकों ने एक बार फिर जश्न का माहौल सजाया। इसी क्रम में आप कार्यकर्ताओं ने बीएचयू गेट से भी विजय जुलूस निकाला। राहुल सिंह के नेतृत्व में निकली रैली में शामिल लोग पांच साल केजरीवाल के नारे लगाते चल रहे थे। इस मौके पर डर्बीशायर क्लब के अध्यक्ष शकील अहमद जादूगर ने भी अरविंद केजरीवाल की इस जीत के लिए बधाई दी है। यूनीक सोशल वेलफेयर सोसाइटी की ओर से भी कार्यक्रम का आयोजन कर अरिविंद केजरीवाल के जीतने की खुशियां मनायी गई।