- आनन-फानन में घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती

-जिला प्रशासन पर लगाया उपेक्षा का आरोप

चंदौली: तेज हवाएं और बदला मौसम वैसे तो राहत लेकर आया। लेकिन शनिवार को दोहपर में स्थानीय कचहरी परिसर में तेज हवाएं कुछ ज्यादा ही तेज हो गयीं। जिसके चलते अधिवक्ताओं का टिन शेड जमींदोज हो गया। अचानक टीनशेड गिरने से उसके नीचे आधा दर्जन वकीलों सहित कई वादकारी दब गए। घटना के बाद कुछ देर के लिए हड़कंप की स्थिति मच गई। आनन-फानन में टीनशेड के नीचे दबे लोगों को बाहर निकालकर निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। आक्रोशित अधिवक्ताओं ने जिला प्रशासन पर समस्याओं को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया।

तेज आवाज संग गिरा शेड

दोपहर में लगभग दो बजे अधिवक्ता अपने कार्य में व्यस्त थे उसी तेज हवा से टीनशेड हिलने लगा। जब तक स्थिति सामान्य होती उधम सिंह व अमित सिंह का टिन शेड तेज आवाज के साथ जमींदोज हो गया। इससे नीचे बैठे अधिवक्ता दिनेश राय, रमेश सिंह, सुनीता चौधरी, विपुल सिंह, उधम सिंह, विक्रम व वादकारी इसकी चपेट में आ गए। आनन-फानन में अधिवक्ताओं की मदद से टीनशेड को हटाया गया। संयोगच्अच्छा था कि अधिवक्ताओं व वादकारियों को आंशिक रूप से ही चोट आई। वरना बड़ी घटना हो सकती थी।

समस्याएं दूर करने की मांग

टिन शेड गिरने के बाद सिविल बार एसोसिएशन की आपात बैठक बुलाई गई। इसमें अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि अधिवक्ताओं की समस्या को प्रशासन नजरअंदाज कर रहा है। संयोग रहा कि अधिवक्ता व वादकारी गंभीर रूप से घायल नहीं हुए। जिला प्रशासन व सरकार की मंशा अधिवक्ताओं के प्रति बद से बदतर होती जा रही है। यहां के अधिकारीगण एसी कमरों में बैठ कर फरमान जारी करते हैं। अधिवक्ता व वादकारियों के हित की ¨चता इन्हें कत्तई नहीं है। चेतावनी दी यदि अधिवक्ताओं की समस्याओं का संज्ञान नहीं लिया गया तो वे आंदोलन को बाध्य होंगे। मांग की अधिवक्ताओं का टीन शेड शीघ्र बनवाया जाय ताकि उनका जीवन सुरक्षित हो सके। बैठक में डिस्ट्रिक्ट डेमोक्रेटिक बार के जन्मेजय सिंह, श्रीप्रकाश सिंह, सिविल बार के महामंत्री निशात अख्तर, नंदकुमार सिंह, राजेश मिश्रा, विरेंद्र प्रताप सिंह सहित कई अधिवक्ता उपस्थित थे। अध्यक्षता सिविल बार के अध्यक्ष रणधीर सिंह ने किया।