-लहुराबीर और आदमपुर में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान

-कई जगहों पर एनक्रोचमेंट पर से आंखें फेर लेने पर लोग हुए नाराज

VARANASI

डीएम के आदेश पर सिटी में चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के नौवें दिन अधिकारी सुस्त पड़ गए। जिसके कारण कुछ को छोड़ा तो कुछ का तोड़ा की तर्ज पर अभियान चला। लहुराबीर में एक रेस्टोरेंट की सीढि़यों को तोड़ने और बोर्ड को उखाड़ने के बाद बुल्डोजर ने उसी लेन में कई अतिक्रमण को छोड़ दिया। जिससे लोगों में काफी नाराजगी दिखी। आदमपुर से गोलगड्डा बस स्टैंड तक अभियान चलाया गया।

जेसीबी का पहिया हुआ पंक्चर

सुबह क्क् बजे के बाद लहुराबीर और आदमपुर में अभियान की शुरुआत की गई। आदमपुर थाने के पास से पीलीकोठी होते हुए गोलगड्डा तक जेसीबी के जरिए पाटे गए नालियों को कब्जा मुक्त कराया गया। कुछ दुकानों के बोर्ड भी उखाड़े गए। कार्रवाई के दौरान लोगों ने अभियान को आगे भी जारी रखने की बात कहीं। अभियान खत्म होते ही एक जेसीबी का पहिया पंक्चर हो गई। अभियान के दौरान कई जगह ऐसा भी हो रहा था कि टीम कुछ कब्जों को छोड़ दे रही थी। इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना था कि अतिक्रमण हटाओ अभियान तभी सफल होगा जब ईमानदारी से काम होगा। लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस व नगर निगम के लोग इस दिशा में सबसे ज्यादा गड़बड़ी कर रहे हैं। जिसके कारण अतिक्रमण हटने के बाद लोग फिर से काबिज हो जा रहे हैं।