-कांग्रेस-सपा मीडिया सेंटर का हुआ उद्घाटन

VARANASI

कांग्रेस महासचिव मुकुल वासनिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिना एमओयू के बनारस को क्योटो बना रहे हैं। आखिर वो किसे बेवकूफ बना रहे हैं। उनको अपने सरकार की अब तक की उपलब्धियों का हिसाब देना चाहिए। लोकसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री ने देश और वाराणसी की जनता से जो वादा किया था उसमें से कितना पूरा किया। उन्हें यह बताना चाहिए। वासनिक रविवार को इंग्लिशिया लाइन स्थित प्रदेश कांग्रेस के जोनल कार्यालय में कांग्रेस-सपा के संयुक्त मीडिया सेंटर का उद्घाटन करने के बाद मीडिया से बात कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि तीन साल में काशी क्योटो नहीं बन पाई और गंगा की सफाई का काम नहीं शुरू हुआ है। मेक इन इंडिया के तहत क्या प्रगति हुई? इसकी जानकारी देश की जनता को नहीं है। बनारस को एम्स नहीं मिला और टेक्सटाइल्स पार्क दूसरे शहर में चला गया। दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वादा भी नहीं पूरा हुआ। नोटबंदी ने लोगों से रोजगार छीन लिया। नोटबंदी से कितना कालाधन सामने आया? इसकी जानकारी प्रधानमंत्री को देनी चाहिए। किसानों की कर्जमाफी भी नहीं हुई। मुकुल वासनिक ने स्पष्ट किया राष्ट्रहित में कुछ मुद्दों पर सहमति बनने के बाद प्रदेश में सपा से गठबंधन किया गया है। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे चुनाव आगे बढ़ रहा है प्रधानमंत्री की भाषा मर्यादा के विपरीत है।

रोड शो की डेट फाइनल नहीं

एक सवाल के जवाब में उन्होंने बताया कि अभी वाराणसी में राहुल-अखिलेश के रोड शो की डेट को अंतिम रूप नहीं दिया गया है, जैसे ही डेट फाइनल होगी उसे सार्वजनिक किया जाएगा। इस मौके पर सपा के वरिष्ठ नेता शतरुद्र प्रकाश, प्रदीप तिवारी, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष प्रजानाथ शर्मा, सपा के जिलाध्यक्ष डॉ। पीयूष यादव, कांग्रेस के प्रवक्ता प्रो। सतीश राय, सपा के प्रदेश प्रवक्ता मनोज राय धूपचंडी, सपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार जायसवाल, अनिल श्रीवास्तव, शैलेंद्र सिंह आदि रहे।