- डॉ। रीना हत्याकांड में आरोपी डॉक्टर पति ने किया सरेंडर

- कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा

- थाने में आरोपी को विशेष सुविधा देने पर कैंट प्रभारी लाइन हाजिर

VARANASI

शहर के हाईप्रोफाइल केस डाक्टर रीना हत्याकांड के मुख्य आरोपित पति डॉ। आलोक सिंह ने गुरुवार सुबह कैंट थाने में सरेंडर कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपित को सीजेएम कोर्ट में पेश किया, जहां से आरोपित को 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। उधर, थाने में आरोपित डॉ। आलोक सिंह को विशेष सुविधा दिये जाने का मामला तूल पकड़ने पर एसएसपी आनंद कुलकर्णी ने कैंट थाना प्रभारी राजीव रंजन सिंह को लाइन हाजिर कर दिया।

सास-ससुर अब भी फरार

दो हफ्ते से ज्यादा समय बीतने के बाद भी पुलिस रीना के पति, सास और ससुर को गिरफ्तार नहीं कर सकी तो वह अदालत की शरण में चली गई। अदालत से पहले तीनों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कराया गया। इसके बाद भी गिरफ्तारी नहीं होने पर मंगलवार को कुर्की के तहत कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट पशुपति नाथ मिश्र की अदालत ने पति आलोक सिंह, ससुर ज्ञान प्रकाश सिंह व सास सावित्री सिंह को फरार घोषित कर दिया था। अंदेशा था कि आलोक सरेंडर कर देगा। गुरुवार को यही हुआ। डॉ। आलोक सिंह ने सरेंडर कर दिया, लेकिन आरोपित ज्ञान प्रकाश सिंह और सावित्री सिंह अब भी फरार हैं।

दो जुलाई को हुई थी रीना की मौत

डॉक्टर रीना की दो जुलाई को संदिग्ध परिस्थितियों में घर पर ही मौत हो गई थी। पति आलोक ने सीढ़ी से गिरने के कारण मौत की जानकारी दी थी। सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि रीना सीढ़ी नहीं छत से गिरी हैं। इसके बाद रीना के पिता रंगनाथ सिंह की तहरीर पर पति आलोक सिंह, ससुर ज्ञान प्रकाश सिंह और सास सावित्री सिंह के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया।

आलोक का दिखा हनक

आरोपित डॉ। आलोक सिंह ने नाटकीय रूप से गुरुवार को कैंट थाने में सरेंडर कर दिया। सरेंडर के बाद थाने में भी आलोक के सत्ता के बेहद करीबी होने की हनक साफ दिखाई दी। अन्य हत्यारोपितों की तरह न तो आलोक को थाने की लॉकअप में रखा गया और न ही थाने के किसी कोने में वह खड़ा दिखाई दिया। कैंट इंस्पेक्टर के सामने वह इस तरह से बैठा रहा जैसे कोई खास आदमी हो। उसके सामने पानी की बोलत, नमकीन और बिस्किट का पैकेट भी रखा दिखाई दिया। बता दें कि डॉ। आलोक के जीजा एमपी सिंह आईएएस हैं और वह जिले के एक राज्य मंत्री के बेहद करीबी हैं।