-गैस की स्मेल आने के बाद भी जला दी माचिस, सिलेंडर फटा

हादसे में छह लोग घायल, एक की हालत गंभीर

इसे ही कहते हैं सावधानी हटी और दुर्घटना घटी। कुछ ऐसा ही हुआ गुरुवार की सुबह सारनाथ में। यहां गैस सिलेंडर में विस्फोट से अफरातफरी मच गई। गैस की गंध आने के बाद भी नवविवाहिता ने माचिस जला दी, जिससे सिलेंडर फट गया। इसके चलते किचेन के तीनों तरफ की दीवार धराशाई हो गई। पड़ोसी की दीवार भी क्रेक हो गई। इस हादसे में छह लोग घायल हो गए। सभी को कबीरचौरा के मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक की हालत गंभीर बनी हुई है।

कॉल नहीं हुई रिसीव

सारनाथ में खालिसपुर की राजभर बस्ती में लक्ष्मण राजभर परिवार के साथ रहते हैं। गुरुवार की सुबह उनकी बहू पूजा किचेन में पहुंची तो गैस की गंध आ रही थी। बहू ने चेक करने के लिए रेगुलेटर का नाब बंद कर दिया और माचिस जला दी। माचिस जलते ही सिलेंडर की पेदी से आग की लपटे निकलने लगी। बहू भागकर अपनी सास कलावती के पास पहुंची। शोर मचने पर आसपास के लोग जुट गए। पुलिस को 112 नंबर पर फोन भी किया गया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ तो लोगों ने खुद आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। इसी बीच सिलेंडर फट गया। विस्फोट से किचेन के तीनों तरफ की दीवारें धराशाई हो गईं। पड़ोसी राजगीर मिस्त्री सूरज राजभर के घर की दीवार भी क्रेक हो गई। किचेन की छत टीन की होने के कारण वह भी कई स्थानों से डैमेज हो गयी। किचेन में रखा सामान जल भी गया। हादसे में पूर्व प्रधान लाल बहादुर राजभर (55) वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए। काशी राजभर (48), दीपक राजभर (30), नंदू राजभर(66), प्रकाश राजभर(28), संजय राजभर (23) को भी चोटें आईं। घटना के दो घंटे बाद स्थानीय पुलिस पहुंची।