वाराणसी (ब्यूरो)। 13 दिसंबर को पीएम के हाथों से लोकार्पित होने के बाद विश्वनाथ धाम की भव्यता काशी ही नहीं, बल्कि पूरा प्रदेश देखेगा। इसके लिए विशेष तैयारी की गयी है। प्रदेश के सभी 27700 शक्ति केंद्रो यानी शिवालयों व प्रमुख मठ-मंदिरो में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण होगा।

भाजपा काशी प्रांत के अध्यक्ष महेश चंद श्रीवास्तव के अनुसार प्रदेश के सभी 27700 शिवालयों, मंदिरों व मठों में स्क्रीन लगाकर 13 दिसम्बर के अभुतपूर्व कार्यक्रम का सीधा प्रसारण होगा, जिसमें श्रद्धालुओं, प्रबुद्धजनों, पुजारियों, महंतों व साधु-संत भाग लेंगे। प्रदेश के सभी गांवों में भी इस कार्यक्रम के सीधा प्रसारण की व्यवस्था की जाएगी, जिसमें गांव के लोगों के साथ पार्टी कार्यकर्ता भाग लेंगे। इस दिन सभी जिलों में किसी न किसी मंदिर, मठ, आश्रम या अन्य धार्मिक स्थल पर आयोजित होगा, जिसमें साधु-संतों धमार्चार्यों, प्रबुद्धजनों, पार्टी के सभी जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ पार्टी कार्यकर्ता भाग लेंगे। इस कार्यक्रम में दिव्य काशी-भव्यकाशी पर साहित्य भी दिया जाएगा। 13 दिसम्बर को वाराणसी में देश भर से धमार्चार्य, साधु-संत, प्रबुद्धजन, मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, केन्द्रीय मंत्री, श्रद्धालुगण पहुंचेंगे।

भव्य होगा दीप उत्सव
काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण के अवसर पर 12,13,14 दिसम्बर को प्रदेश के लोग दीपक जलाकर अपने घरों में भगवान शिव का आह्वान करेंगे। भाजपा प्रत्येक गांव, नगर, शहर में दीपोत्सव के लिए अभियान चलाएगी। इसे सफल बनाने के लिए दीप व्यवस्था कार्यक्रम तैयार किया गया है। इसके लिए एक कमेटी का गठन किया गया है जो बूथ स्तरीय सम्पर्क करेगी और दीप उत्सव की व्यवस्था देखेगी।

लेजर शो, आतिशबाजी भी होगी
12 से 14 दिसंबर तक काशी में लेजर शो, आतिशबाजी के साथ रोशनी से समस्त मंदिर, शहर की गलियां, चौराहे और अन्य सार्वजनिक स्थान रोशनी से नहाएंगे। लोकार्पण के दिन सभी नावों को भी सजाया जाएगा। सजेंगी। नाव पर लाइट की भी व्यवस्था होगी।

तीन दिन काशी में रहेेंगे सभी सीएम
14 दिसम्बर को मुख्यमंत्री सम्मेलन होगा, जिसमें भाजप शासित प्रदेशों के सीएम व डिप्टी सीएम भाग लेंगे। इसके अलावा भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी शामिल होंगे। सम्मेलन को पीएम नरेंद्र मोदी संबोधित करेंगे। सभी सीएम व डिप्टी सीएम तीन दिन काशी में रुकेंगे।

23 दिसम्बर को फिर आएंगे पीएम
23 दिसम्बर 2021 को काशी में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए महासम्मेलन होगा। इसमें देश के कृषि वैज्ञानिक, उन्नत किसान सहित कृषि विशेषज्ञ भाग लेंगे। इसे पीएम नरेंद्र मोदी सम्बोधित करेंगे।