-देव दीपावली के अगले दिन गंगा का कुछ ऐसा दिखा हाल

-घाटों पर पसरी रही गंदगी, गंगा में बह रहा फूल माला

-नगर निगम ने कहा, दो दिन में साफ हो जाएगे घाट

VARANASI

देवताओं के दीपावली के बाद गंगा और घाट पर गंदगी उमड़ पड़ी है। गंगा स्वच्छता अभियान को लेकर बड़ी-बड़ी बयानबाजी होती रहती है। लेकिन गुरुवार को गंगा किनारे का जो नजारा दिखा उसके बाद तो यह कहना मुश्किल है कि गंगा की सफाई को लेकर प्रशासन कितना सजग है। हालांकि नगर निगम का कहना है कि दो दिन में घाट की सफाई करा दी जाएगी।

बुधवार को घाटों पर भक्तों की भीड़ थी जहां लोगों ने देवताओं की दिवाली का आनंद लिया। लेकिन गुरुवार को चारों ओर सिर्फ फूल माला, दीये और कचरा पड़ा हुआ था। इस बीच कुछ घाटों पर साफ-सफाई हुई तो ज्यादातर घाटों पर गंदगी ही पसरी रही। जिस घाट पर सफाई हुई वहां की सारी गंदगी को उठाकर गंगा जी में ही प्रवाहित कर दिया गया। देव दीपावली देखने बनारस पहुंची एक अभिनेत्री ने भी यह कह दिया कि शहर में सफाई की जरूरत है।

ये कैसी है सफाई?

देव दीपावली के बाद घाट पर फूल-माला और दीपक फैले हुए थे। डॉ। राजेंद्र प्रसाद घाट पर गुरुवार की सुबह सफाई कर्मी पहुंचा और सफाई करने लगा। लेकिन उसने झाड़ू लगाकर घाट पर पड़ा फूल माला और सारा कचरा गंगा में ही डाल दिया।

कहीं हुई सफाई, कहीं रही गंदगी

घाट को गोद लेने वाली कई संस्थाएं ऐसी भी हैं जो देव दीपावली के बाद घाट पर साफ-सफाई के लिए उतरीं। लेकिन ज्यादातर घाट सफाई से अछूते रह गये। जो घाट किसी संस्था के पास नहीं हैं वहां पर नगर निगम की ओर से सफाई करायी जा रही है। लेकिन इस काम की गति काफी धीमी है।

देव दीपावली से पहले घाट की पूरी साफ-सफाई करायी गयी थी। गुरुवार से घाटों की सफाई करानी शुरू कर दी गयी है। दो दिन में सफाई करा ली जाएगी।

बीके द्विवेदी, अपर नगर आयुक्त