-नए DM ने संभाली जिले की कमान, कहा लॉ एंड ऑर्डर के साथ नहीं होगा कोई समझौता

-कलेक्ट्रेट कर्मियों ने भावुक होकर पुराने जिलाधिकारी को किया विदा

VARANASI (20 Oct)

गुरुवार को विदाई और स्वागत समारोह एक साथ आयोजित हुए, जहां एक तरफ कलक्ट्रेट में जिले के पूर्व डीएम विजय किरण आनंद के विदाई समारोह का आयोजन हुआ तो वहीं से कुछ दूरी पर सर्किट हाउस में नए डीएम योगेश्वर राम का स्वागत हुआ। बुधवार को प्रदेश सरकार ने बनारस के डीएम विजय किरण आनंद को हटाकर उन्हें विशेष सचिव, सिंचाई एवं जल संसाधन के पद पर नियुक्त किया तो वहीं योगेश्वर राम को जिले का नया डीएम नियुक्त किया गया।

बंधाया ढांढस

गुरुवार दोपहर डीएम विजय किरण आनंद को कलेक्ट्रेट कर्मियों ने विदाई दी। इस दौरान माहौल काफी भावुक दिखा। कुछ कर्मचारियों ने भावपूर्ण कविता से वहां मौजूद लोगों को भी भावुक कर दिया। यह देख विजय किरण आनंद ने सभी को ढांढस दिया और उन्होंने बताया कि अब वे शासन में जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बनारस दिल में है यहां हो रहे काम आगे भी होते रहेंगे, इसके बाद वे लखनऊ के लिए रवाना हो गए।

बाबा दरबार में टेका मत्था

गुरुवार को बनारस पहुंचे योगेश्वर राम मिश्र ने परम्परा के अनुसार बाबा विश्वनाथ के दरबार और कालभैरव मंदिर में मत्था टेका और उसके बाद अपनी नई ड्यूटी ज्वॉइन की। उनके सर्किट हाउस पहुंचने पर भव्य स्वागत हुआ। उन्होंने स्वागत के बाद मीडिया से बात करते हुए हुए कहा कि लॉ एंड ऑर्डर के साथ कोई समझौता नहीं होगा। उन्होंने राजघाट पुल पर भगदड़ के दौरान ख्भ् लोगों की मौत पर दुख जताते हुए कहा कि इस घटना से प्रशासन आगे के आयोजनों में सीख लेकर सचेत होकर काम करेगा।