--IG से मिला वाराणसी नगर उद्योग व्यापार मंडल का डेलिगेशन, मिला हर समस्या के समाधान का आश्वासन

VARANASI

व्यापारियों के साथ ताबड़तोड़ ही रही घटनाओं से खफा वाराणसी नगर उद्योग व्यापार मंडल का डेलिगेशन शनिवार को आईजी जोन से मिला और उन्हें पत्रक सौंपा। प्रमोद निगम के हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी व व्यापारियों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग पर आईजी ने व्यापारियों को त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। अन्य समस्याओं पर भी कदम उठाने के लिए आईजी एके भगत ने हामी भरी। कहा कि व्यापारियों की हर समस्या का समाधान होगा।

बंद हो व्यापारियों का उत्पीड़न

डेलिगेशन में शामिल लोगों ने आईजी से कहा कि चुनाव आचार संहिता के नाम पर हो रही कैश चेकिंग से कारोबार की रफ्तार सुस्त पड़ गई है। नोटबंदी से बिखर चुका व्यापार अभी संभल भी नहीं पाया था कि कैश चेकिंग के नाम पर पुलिसिया उत्पीड़न शुरू हो गया। इससे बाहर के व्यापारियों का आना बंद हो गया है। शहर में ध्वस्त ट्रैफिक व्यवस्था से भी कारोबार प्रभावित हो रहा है। डेलिगेशन में मंडल संरक्षक आरके चौधरी, मंडल अध्यक्ष प्रेमनाथ मिश्रा, महामंत्री संजीव सिंह के अलावा अशोक जायसवाल, राजेश भाटिया, अवधेश गुप्ता, अशोक अग्रहरि, संजय बनर्जी, शोभनाथ विश्वकर्मा, मनीष चौबे, मनोज दुबे, रजनीश कनौजिया आदि रहे।