-लेढूपुर में नशे में धुत युवक ने दो साल की बच्ची संग किया दुष्कर्म

-बच्ची की मां ने जेठ के घर भागकर बचायी अस्मत

-रेप और पाक्सो समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्जकर पुलिस ने आरोपित को किया गिरफ्तार

VARANASI

सारनाथ थाना एरिया के लेढूपुर में शुक्रवार की रात दो साल की मासूम बच्ची नशे में धुत युवक की दरिंदगी का शिकार हुई। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर पहुंचे परिजनों ने उसकी हालत देखी तो सन्न रह गए। खून से लथपथ उसे मंडलीय हॉस्पिटल में एडमिट कराया। बच्ची के साथ दरिंदगी करने वाले ने पड़ोसी युवक ने पहले उसकी मां की अस्मत लूटने की कोशिश की थी। उसने जेठ के घर भागकर खुद को बचाया था। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ रेप, पाक्सो समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए शनिवार की सुबह उसे गिरफ्तार कर लिया।

जुआ खेला और जमकर पी शराब

लेढूपुर का रहने वाला नन्हकू राजभर उर्फ हिरन क्षेत्र में सब्जी बेचता है। शुक्रवार की रात उसने साथियों के साथ जुआ खेला और जमकर शराब पी। इसके बाद वह पड़ोस में रहने वाली महिला के घर में घुस गया। दुष्कर्म करने की नियत से उसके साथ छेड़खानी करने लगा। महिला किसी तरह खुद को युवक के चंगुल से छुड़ाकर पास में रहने वाले जेठ के घर चली गयी। उसकी दो साल की बच्ची घर में ही रह गयी। उस वक्त वह खाना खा रही थी। नन्हकू ने बच्ची को हवस का शिकार बना डाला। मासूम की चीख-पुकार सुनकर मां और बुआ भागकर वहां पहुंची। उसकी हालत देखकर सन्न रह गयीं। तभी मौका देखकर युवक भाग निकला। अचेत पड़ी बच्ची को परिवार वालों ने मंडलीय हॉस्पिटल में एडमिट कराया।

चढ़ गया पुलिस के हत्थे

मासूम के परिजनों ने नन्हकू के खिलाफ सारनाथ थाने में रिपोर्ट दर्ज करायी। आरोपित शनिवार को शहर से बाहर भागने की फिराक में था। तभी सारनाथ एसओ महेंद्र प्रसाद यादव को सूचना मिली कि वह लेढ़ूपुर में मौजूद है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया। एसपी क्राइम पुलिस लाइन में उसे मीडिया के सामने ले आए।