भाई बहन के पर्व भईया दूज की शहर में दिखी धूम

बहनों ने यम से मांगा आशीर्वाद

VARANASI

भाई और बहन के पवित्र रिश्ते को मजबूती देने के पर्व भईया दूज को पूरे शहर ने मंगलवार को पूरे उत्साह से मनाया। बहनों ने भाईयों को टीका लगाया और मिठाई खिलाकर कर यम से उनके लंबी उम्र का आशीर्वाद मांगा। महिलाएं सुबह से ही भाईयों के दीर्घायु के लिए गोधना कूटने में व्यस्त रहीं। जलाशयों के किनारे गोवर्धन पूजा का कार्यक्रम हुआ। पूजन के बाद बहनें भाईयों के घर गई तो भाइयों ने भी बहनों के घर जाकर टीका लगवाया। पूरे दिन भाईयों के बहनों के घर और बहनों का भाइयों के घर आने जाने का सिलसिला जारी रहा।

करना पड़ा सवारी का इंतजार

मिठाइयों की दुकानों पर महिलाओं की भीड़ दिखी। वहीं भईया को मिठाई खिलाने जाने के लिए उन्हें सवारी की तलाश ने परेशान भी किया। सड़क पर सवारी वाहनों की संख्या बहुत कम दिखी। जो दिखे उन्होंने मनमानी वसूली की। चौराहों पर महिलाएं सवारी का इंतजार करती दिखीं। बहुतों को अपने पैरों पर ही भरोसा करना पड़ा। मान्यता है कि भाई दूज के दिन ही यम अपनी बहन यमुना के घर जाते हैं और यमुना उन्हें अपने हाथों से बना कर खाना खिलाती हैं। प्रसन्न होकर यम सभी बहनों को आशीर्वाद देते हैं कि आज के दिन जो भी भाई अपनी बहन के यहां का अन्न ग्रहण करेगा उसे मृत्यु का डर नहीं सतायेगा। तब से भाई दूज के दिन बहनें अपने भाईयों को मिठाई खिलाती हैं। इस दिन यमुना नदी में भाई-बहन के साथ स्नान करने की भी मान्यता है।

व्यंजनों का भगवान को लगा भोग

इसके पूर्व सोमवार को अन्नकूट महोत्सव मनाया गया। शहर के तमाम मंदिरों में भगवान को भ्म् प्रकार के नैवेद्य का भोग लगाया गया। श्री काशी विश्वनाथ, अन्नपूर्णा मंदिर, मृत्युंजय महादेव, बड़ा गणेश, केदारेश्वर, चौखंभा स्थित गोपाल मंदिर तथा मच्छोदरी स्थित श्री स्वामी नारायण मंदिर सहित शहर के विभिन्न देवालयों में भगवान को चढ़ाये गये भोगों की झांकियां सजाई गई। दोपहर बाद प्रसाद वितरण शुरू हुआ जिसे प्राप्त करने के लिए भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिला।