-संस्कृत यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष सहित विभिन्न पदों पर 20 कैंडीडेट्स मैदान में

संपूर्णानंद संस्कृत यूनिवर्सिटी छात्रसंघ के विभिन्न पदों पर नाम वापसी के बाद 20 कैंडीडेट मैदान में रह गए हैं। इनमें अध्यक्ष सहित चार पदों पर 11 कैंडीडेट शामिल हैं। वहीं साहित्य संस्कृत संकाय प्रतिनिधि पद पर अनुराग शुक्ला का निर्विरोध चुना जाना तय है। हालांकि इसकी आधिकारिक घोषणा आठ जनवरी को ही की जाएगी। बता दें कि छात्रसंघ के विभिन्न पदों पर 89 छात्रों ने नामांकन किया था। जांच के बाद विभिन्न कारणों से छात्रसंघ अध्यक्ष, महामंत्री सहित सात प्रत्याशियों के पर्चे खारिज कर दिए गए। जिसके बाद चुनाव में 82 प्रत्याशियों के पर्चे वैध घोषित किए गए।

दो पदों पर सीधा मुकाबला

नाम वापसी के लिए कैंडीडेट्स को सोमवार की सुबह दस बजे से दोपहर एक बजे तक का समय दिया गया था। इस दौरान कैंपस में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए थे। निर्वाचनाधिकारी प्रो। शैलेश कुमार मिश्र ने बताया कि दोपहर एक बजे तक अध्यक्ष पद पर 13, उपाध्यक्ष पर 19, महामंत्री पर 19, पुस्तकालय मंत्री पद पर 10 प्रत्याशियों ने अपना पर्चा वापस ले लिया। ऐसे में अब अध्यक्ष पद पर तीन, उपाध्यक्ष पर दो, महामंत्री पर दो, पुस्तकालय मंत्री पद पर चार प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए हैं। इनके अलावा संकाय प्रतिनिधियों में वेद वेदांग संकाय प्रतिनिधि पर छह, श्रमण विद्या संकाय प्रतिनिधि पद पर तीन प्रत्याशी हैं। साहित्य संस्कृति संकाय प्रतिनिधि पर मात्र एक प्रत्याशी होने के कारण इस पद पर मतदान नहीं होगा। मतदान आठ जनवरी को सुबह नौ बजे से दोपहर दो बजे तक होगा।

अंतिम दिन झोंकी ताकत

नाम वापसी के बाद कैंडीडेट्स को कैंपस में प्रचार के लिए महज कुछ घंटे ही मिल सके। मतदान के 36 घंटे पूर्व सोमवार की शाम परिसर में चुनाव प्रचार पर रोक लगा दिया गया। प्रचार के अंतिम दिन प्रत्याशियों व उनके समर्थकों ने परिसर में जुलूस निकाला और नारेबाजी की। वहीं शाम होते ही प्रत्याशी व उनके समर्थक डोर-टू-डोर संपर्क करने में जुट गए।

वोटर्स की संख्या

1810 ब्वायज

140 ग‌र्ल्स

1950 टोटल वोटर्स