- ट्रेन में सरस्वती प्रतिमा लादकर युवक कर रहे हैं यात्रा

-यात्री डिब्बों में यात्रियों से करते हैं दु‌र्व्यवहार

CHANDAULI: इन दिनों मां सरस्वती ट्रेन की यात्रा कर रही हैं। दरअसल सरस्वती पूजा को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। लोग अभी से मां सरस्वती की प्रतिमा ले आ रहे हैं। प्रतिमाओं लाने के लिए लोग ट्रेन का भी सहारा ले रहे हैं। हालांकि इस दौरान आम यात्रियों को काफी पेरशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

होती है चेन पुलिंग

दिलदारनगर और जमानियां में मूर्तिकार प्रतिमाओं का निर्माण करते हैं। इन्हीं क्षेत्रों से लोग दुर्गा पूजा, रविदास पूजा सहित सरस्वती पूजा पर प्रतिमाएं स्थापित करने के लिए ले जाते हैं। इस दौरान लोगों को प्रतिमाएं ले आने का सबसे सुगम रास्ता ट्रेन से लगता है। अक्सर इन त्योहारों के दौरान यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। लोग बड़ी-बड़ी प्रतिमाएं ट्रेन में लोड कर ले जाते हैं। इस दौरान जहां मन किया वहीं चेन पुलिंग कर ट्रेन रोक देते हैं। इस समय सकलडीहा रेलवे स्टेशन के अधिकारी, रेल कर्मचारी व यात्री त्योहारों के दौरान समस्या से दो-चार होते हैं।

करते हैं हाथापाई

इस दौरान यात्रियों व रेलकर्मियों के साथ हाथापाई करना आम हो जाता है। इन दिनों स्टेशन पर इन सरस्वती उपासकों की हरकतों से जहां यात्री सहित आसपास के निवासी परेशान हैं। दिलदारनगर के यात्री सुरेश अवस्थी, रामजन्म विश्वकर्मा व बरठी के रविन्द्र सिंह, संतोष ने बताया कि जत्थे में आए नवयुवक अशोभनीय हरकतें करते हैं। जीआरपी व स्थानीय पुलिस को यात्रियों की सुविधाओं का भी ध्यान रखना चाहिए। वहीं स्टेशन मास्टर रामबाबू ने बताया कि इन नवयुवकों द्वारा ट्रेनों को जबरन रोके रखने से विभाग को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

फोटो परिचय क्क्सीएचए0ब् चंदौली: यात्री डिब्बों में प्रतिमा ठूंसते नवयुवक।