-केन्द्रीय मंत्री वेंकैया नायडू ने प्रदेश की बदहाली के लिए अखिलेश को बताया जिम्मेदार

-इलाहाबाद में रोड शो में शामिल होने से पहले मीडिया से की बात

VARANASI

सपा और कांग्रेस का गठबंधन अवसरवादी है। ये कभी सफल नहीं होगा। यह बातें बुधवार को केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू ने कहीं। इलाहाबाद में आयोजित रोड शो में शामिल होने से पहले बनारस में मीडिया से मुखातिब हुए। उन्होंने प्रदेश की बदहाली के लिए अखिलेश यादव को जिम्मेदार बताते हुए कहा कि केंद्र की योजनाओं और मिले धन को यूपी की सपा सरकार ने जनता तक पहुंचने ही नहीं दिया।

वेंकैया नायडू ने चुटकी लेते हुए कहा कि अखिलेश साइकिल के कैरियर पर राहुल को बिठाकर हैंडल राहुल के हाथ में दे चुके हैं। अब मिसहैंडल हो रहे हैं। इस चक्कर में अखिलेश ने अपने पिता को भी साइकिल पर जगह नहीं दी।

UP का होगा CM

टिकट बंटवारे को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं की नाराजगी के सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि नाराज चल रहे कार्यकर्ताओं को चार-पांच दिनों में मना लिया जाएगा। अंतत: सभी कार्यकर्ता पार्टी हित में एकजुट दिखेंगे। यूपी में भाजपा की सरकार बनने पर मुख्यमंत्री सूबे का ही कोई होगा। साथ में मौजूद केन्द्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि टिकट वितरण के बाद नाराज चल रहे अपना दल (सोनेलाल) के कार्यकर्ताओं को मना लिया जाएगा। यह रूठने का क्रम थोड़े समय के लिए है जो समय के साथ खत्म हो जाएगा।