वाराणसी (ब्यूरो)गाजीपुर में महिला की हत्या कर शव को पालीथिन में सिलाई करने के बाद ताला बंद बक्से में वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन के भवानीपुर कंसहरी गांव के पास फेंक दिया। पुलिस ने ताला तोड़कर शव को बाहर निकाला। महिला का चेहरा काला पड़ गया था। उसके हाथ पर शीला-मुन्ना गोदा गया है। पुलिस शिनाख्त में जुटी है।

स्थानीय गांव निवासी राहुल यादव ने रविवार की देर रात में अपनी गुमटी के बगल में ताला बंद लावारिश बक्सा देखकर स्थानीय लोगों को एवं पुलिस को सूचना दी। मरदह पुलिस ने बक्से का ताला तोड़ा तो उसमें महिला का शव मिला। महिला के दाहिने हाथ पर शीला-मुन्ना लिखा हुआ है। अंदेशा है कि शीला महिला और मुन्ना उसके पति का नाम है। महिला का शरीर व चेहरा काफी काला था। मुंह खुला हुआ था और गले के पास निशान पड़े थे। इससे गला घोंटकर हत्या करने का अंदाजा लगाया जा रहा है। वह नीला-सफेद मिक्स कलर की साड़ी व लाल चूड़ी पहने हुए थी। पैर में कपड़े में लगने वाला लेस लिपटा हुआ था।

फोरलेन किनारे बक्से में लाश मिलने से तमाम तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। हाईवे पर जिस स्थान पर बक्सा मिला है, उसके बगल में हाईवे का कट है। यह भी आशंका व्यक्त की जा रही है कि रोड पर कट होने के कारण दूसरे जिलों के हत्यारों ने चारपहिया वाहन से बक्सा रखकर सड़क के दूसरे लेन से चले गए होंगे। मरदह पुलिस फोरलेन मार्ग के मकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालने के साथ स्थानीय लोगों से शिनाख्त के प्रयास में जुटी हुई है। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र पांडेय ने बताया कि महिला के शव को पहचान के लिए रखवाया गया है। पुलिस प्रकरण की जांच कर रही है। शीघ्र मामले का राजफाश कर दिया जाएगा।